सौरिख (कन्नौज)। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर देर रात युवक को झपकी आने से कार आगे जा रहे ट्रक से टकराकर पलट गई। हादसे में कार चला रहे कन्नौज में तैनात पीडब्ल्यूडी जेई अरुण कुमार के भांजे की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हरिद्वार के थाना रुड़की के मोहल्ला शक्ति विहार कॉलोनी निवासी अंकित (30) पुत्र प्रमोद कुमार अपनी अर्टिका कार से शुक्रवार को कन्नौज के लिए निकले थे। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सलेमपुर के सामने कार चला रहे अंकित को नींद आ गई। इससे कार आगे जा रहे ट्रक से टकरा गई। इसके बाद अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में अंकित की मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद यूपीडा कर्मचारी मौके पर पहुंचे। अंकित के शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर रखवाया गया। सूचना पाकर थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह भी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने हादसे की सूचना अंकित के मामा पीडब्ल्यूडी में जेई के पद पर तैनात अरुण कुमार को दी। वह मौके पर पहुंच गए। अरुण कुमार ने बताया कि अंकित पिछले तीन साल से उनके पास रह रहा था। वह विभागीय कार्य देखता था। कुछ दिन पहले अंकित अपनी बीमार मां सविता को देखने गया था। वह हरिद्वार में प्राथमिक विद्यालय में अध्यापक हैं। लौटते समय हादसा हो गया। थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि अंकित के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों से वार्ता हो गई है। वह कन्नौज पहुंच रहे हैं।