मोहित के माता-पिता व छोटे भाई-बहन।
- फोटो : KANNAUJ
तिर्वा(कन्नौज)। नौकरी के लिए घर से गए युवक की गुजरात में मौत हो गई। गुजरात से ननिहाल में शव आने के बाद परिजनों ने साथियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को शांत कराया।
जनपद फर्रुखाबाद के थाना कायमगंज क्षेत्र के वलीपुर गांव निवासी मुकेश कुमार पत्नी सुमन, 18 वर्षीय बेटे मोहित, 13 वर्षीय बेटी वर्षा और आठ वर्षीय बेटे सुंदर के साथ होली मनाने कोतवाली के मलिहापुर गांव निवासी हिमाचल के घर ससुराल आए थे। होली के दूसरे दिन गांव के कुछ लोग गुजरात में बर्फ बेचने के लिए जा रहे थे। यह मोहित को भी साथ ले गए।
गुजरात में रविवार को मोहित की संदिग्ध हालातों में मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव मंगलवार सुबह परिजन मलिहापुर गांव लेकर पहुंचे। शव देखते ही परिजन आक्रोशित हो गए। यह शव कस्बे के क्रांति चौराहे पर ले आए। यहां सड़क पर शव रखकर हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने गांव के लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। कोतवाल टीपी वर्मा ने बताया कि मामला गुजरात का है। मोहित की वहां सड़क हादसे में मौत हुई थी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों को समझाकर शांत करा दिया गया है।