पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में गुगरापुर और तालग्राम
ब्लाक क्षेत्र में ग्राम प्रधान और ग्राम सभा सदस्य पद का चुनाव संपन्न
कराने के लिए शुक्रवार को तालग्राम में 214 व गुगरापुर में 80 पोलिंग
पार्टियां रवाना होंगी। गुगरापुर ब्लाक की पोलिंग पार्टियां कन्नौज मंडी
समिति से कूच करेंगी, जबकि तालग्राम की पोलिंग पार्टियां तेराजाकेट स्थित
एसईएन इंटर कालेज खेल मैदान से रवाना होंगी।
कलक्ट्रेट में पूरे दिन
गहमागहमी का माहौल रहा। एक ओर जहां सेक्टर मजिस्ट्रेट वाहन संबंधी प्रपत्र
लेने पहुंचे, वहीं चुनाव ड्यूटी लेने को वाहन चालकों की भी धमाचौकड़ी मची
रही। वोटरों के मताधिकार का प्रयोग करने को तालग्राम में 104 मतदान केंद्र व
214 बूथ और गुगरापुर ब्लाक में 39 मतदान केंद्र व 80 बूथ बनाए गए हैं।
सुरक्षा की दृष्टि से तालग्राम को 18 सेक्टर, चार जोन और गुगरापुर को नौ
सेक्टर व दो जोन में बांटा गया है। यहां सुपर जोनल मजिस्ट्रेट भी सुरक्षा
के मोर्चे पर तैनात किए गए हैं। गुरुवार को चुनाव प्रचार के अंतिम दिन
प्रत्याशियों ने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी।
उम्मीदवारों के साथ
ही परिजनों, रिश्तेदारों ने भी डोर-टू-डोर पहुंचकर वोटरों की चिरौरी की।
परदेस में रहने वाले वोटरों को भी बुलाने को वाहन समेत समर्थकों को भेजा
गया। वहीं कई समर्थक फोन से लोगों से बात करने में जुटे रहे। देर रात
तक वोटरों के घरों पर प्रत्याशियों का जमघट लगा रहा।
एक प्रत्याशी के जाते
ही दूसरे प्रत्याशी के पहुंचने व हाथ जोड़ वोट व सपोर्ट की गुजारिश करने के
नजारे पूरे दिन दिखते रहे। वहीं ब्लाकों में चुनाव शांतिपूर्ण व निष्पक्ष
ढंग से संपन्न कराने को अफसर कसरत करते नजर आए। हर प्रत्याशी अपना चुनावी
टेंपो हाई करने के लिए सारे दांव पेंचों का इस्तेमाल करता नजर आया।
अंतिम
दिन होने से प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी गई। एडीएम संतोष वैश्य, सीडीओ
उदयराज यादव, उप जिलाधिकारी सुनील शुक्ला, बीडीओ गिरीश चंद्र दुबे, पंकज
यादव समेत अन्य अफसरों की देखरेख में पोलिंग पार्टियां को सबसे पहले मतदान
सामग्री मुहैया कराई जाएगी।
इसके बाद परिवहन विभाग की ओर से मुहैया
वाहनों के जरिए बैठकर पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्र तक पहुंचेंगी। उधर,
तीसरे चरण में होने वाले चुनाव के लिए मतपत्रों की बंडलिंग का कार्य पूरा
हो गया है। 214 बूथों पर मतदान संपन्न होगा। ग्राम सभा सदस्य पद के लिए 255
वार्डों पर मतदान होगा।
तालग्राम के बीडीओ पंकज यादव ने बताया कि ब्लाक
क्षेत्र में कुल 67 ग्राम पंचायतें हैं। यहां चुनाव संपन्न कराने को सारी
व्यवस्थाएं पूर्ण हैं। न्याय पंचायत वार 12 एआरओ तैनात किए गए हैं। मझपुरवा
न्याय पंचायत के एआरओ सुनील यादव समेत सभी एआरओ ने बंडलिंग कार्य पूर्ण कर
लिया है।
शुक्रवार को पोलिंग पार्टियां एसआईएन इंटर कालेज के खेल मैदान से
रवाना की जाएंगी। परिवहन विभाग ने ट्रक व बसों का जमावड़ा लगा दिया है।
इस दौरान एडीओ पंचायत संतोष दुबे, एडीओ आईएसबी सेवाराम, गिरजेश तिवारी,
दिनेश गिहार, मुजीब आदि मौजूद थे। उधर, ब्लाक क्षेत्र के पांच बूथों के
मतदान केंद्र बदल दिए गए हैं।