गुरसहायगंज। किराने की दुकान से कर्मचारी ढाई लाख रुपये की चोरी कर फरार हो गया है। कर्मचारी के पिता ने दो चार दिन में ढूंढ़कर लाने का आश्वासन दिया था। साथ ही न मिलने पर खुद ढाई लाख रुपये देने को कहा था।
किराना व्यापारी ने जब रुपये मांगे तो झगड़ने पर उतारू हो गया। दुकानदार ने शनिवार को रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कस्बे के तिर्वा रोड स्थित मोहल्ला शास्त्री नगर निवासी मंसूर अहमद ने मझपुर्वा निवासी इम्तियाज खां के पुत्र नूरुल हक को जिम्मेदारी पर किराना स्टोर पर काम पर रखा था।
12 मई को सुबह 11 बजे नूरुल हक दुकान की ऊपरी मंजिल पर रखा ढाई लाख रुपये लेकर यह कहकर चला गया। उसे पिताजी ने बुलाया है और वह 15 मिनट में लौटेगा। वह वापस नहीं आया। कुछ समय बाद जब मंसूर अहमद खुद ऊपर रुपये लेने गए तो रुपये गायब थे। उन्होंने तुरंत इम्तियाज खां से संपर्क किया, तो इम्तियाज ने अंदेशा जताया कि नूरुलहक भाग गया होगा।
मंसूर ने नूरुल की तलाश की पर वह नहीं मिला। पिता इम्तियाज ने आश्वासन दिया था कि दो-चार दिन में बेटा लौट आएगा, नहीं आया तो वह रुपये अदा करेगा।
21 मई को जब मंसूर ने रुपये मांगे तो इम्तियाज झगड़े पर उतर आया। मंसूर अहमद ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार दुबे ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।