तिर्वा। राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज ने नई दिल्ली स्थित वैश्विक मानव संसाधन विकास केंद्र (जीएचआरडीसी) द्वारा जारी नवीनतम रैंकिंग में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। जारी रैंकिंग के अनुसार कॉलेज को उत्तर प्रदेश के शीर्ष पांच इंजीनियरिंग संस्थानों में स्थान प्राप्त हुआ है। साथ ही, संस्थान को उत्कृष्टता के शीर्ष 10 संस्थान श्रेणी में भी चयनित किया गया है।
इंजीनियरिंग कॉलेज ने यह उपलब्धि महाविद्यालय परिवार के सामूहिक समर्पण, निरंतर प्रयासों, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रत्यक्ष प्रमाण मानी जा रही है। संस्थान द्वारा शिक्षा, प्रशिक्षण, अनुसंधान, शैक्षणिक प्रशासन, छात्र सहायता सेवाओं तथा नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के क्षेत्र में लगातार सराहनीय कार्य किए जा रहे हैं। कॉलेज प्रशासन ने इस सफलता का श्रेय निदेशक प्रोफेसर मनोज शुक्ला के दूरदर्शी नेतृत्व, सतत मार्गदर्शन और प्रोत्साहन को दिया है। उनके नेतृत्व में संस्थान निरंतर उत्कृष्टता की ओर अग्रसर है।
निदेशक ने बताया कि फैकल्टी सदस्यों, कर्मचारियों, छात्रों, अभिभावकों और सहयोगी संस्थाओं के सहयोग, विश्वास और प्रतिबद्धता के प्रति आभार व्यक्त किया है, जिनके संयुक्त प्रयासों से यह उपलब्धि संभव हो सकी है। जीएचआरडीसी की विस्तृत रैंकिंग रिपोर्ट महाविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट एवं जीएचआरडीसी की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। साथ ही, यह आगामी जीएचआरडीसी टाइम्स 2026 अंक में भी प्रकाशित की जाएगी। यह उपलब्धि केवल सम्मान नहीं, बल्कि भविष्य में और ऊंचाइयों को प्राप्त करने की प्रेरणा है। संस्थान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है।