कन्नौज। इत्रनगरी में एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने पुलिस और एक मां के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऋतुकला गांव में एक अधजली युवती का शव मिलने के बाद एक महिला ने उसे बेटी बताते हुए उसका अंतिम संस्कार कर दिया था और शक के आधार पर प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाया था। हालांकि, चौंकाने वाले मोड़ के रूप में वहीं युवती शनिवार को कोतवाली में प्रेमी का हाथ थामे पहुंची। जिससे पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए।
घटना चार फरवरी की है जब सदर कोतवाली क्षेत्र के ऋतुकला गांव में आलू के खेत में एक युवती का बुरी तरह झुलसा हुआ शव मिला था। पहचान मुश्किल होने पर एक महिला ने आगे आकर दावा किया कि यह उसकी बेटी है। मां के विलाप और आरोपों के बाद, पुलिस ने भी इसे सच मान लिया और युवती के प्रेमी को हत्या के आरोप में तलाशना शुरू कर दिया। इसी बीच, प्रेमी, जो निर्दोष था, पुलिस की गिरफ्त में आने के डर से अपनी प्रेमिका के साथ सीधे कोतवाली पहुंचा। उसने पुलिस को बताया कि उसकी प्रेमिका जीवित है और वह कातिल नहीं है। सदर कोतवाली जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि युवती 20 दिसंबर से लापता थी, लेकिन परिजनों ने तब रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई थी।
अज्ञात शव की पहचान का प्रयास
प्रेमिका के जीवित लौटने से प्रेमी निर्दोष साबित हो गया है, लेकिन पुलिस के सामने अब एक बड़ी पहेली है। वह अधजली लाश किसकी थी जिसे खेत में फेंककर सबूत मिटाने की कोशिश की गई। इस रहस्य से पर्दा उठाने के लिए पुलिस नए सिरे से जांच में जुट गई है। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि अज्ञात शव की शिनाख्त के लिए एसओजी, सर्विलांस और फॉरेंसिक टीम को लगाया गया है। जल्द ही इस मामले का खुलासा किया जाएगा।