शोहदे से परेशान युवती ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या करने का असफल प्रयास किया। जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती को सकुशल बचा लिया। सूचना पर पहुंचे परिजन उसे समझा बुझाकर कोतवाली से घर से गए हैं।
कोतवाली के एक गांव निवासी युवती शुक्रवार दोपहर रामगंज बाईपास स्थित रेलवे ट्रैक पर आत्महत्या के इरादे से पहुंची थी। लोगों ने उसकी मंशा भांपकर रेलवे ट्रैक से हटने को कहा तो युवती आत्महत्या की बात क हकर ट्रैक पर खड़ी हो गई। जिसके बाद सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। कस्बा चौकी प्रभारी शोएब खां महिला पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और रेलवे ट्रैक पर खड़ी युवती को समझा बुझाकर हटाने का प्रयास किया तो उसने मना कर दिया। इस पर महिला पुलिस कर्मियों ने उसे जबरदस्ती रेलवे ट्रैक से हटाया और कोतवाली ले आए।
पूछतांछ में युवती ने बताया कि गांव का एक युवक उसे अक्सर परेशान करता है। उसकी मां की मौत 10 साल पहले हो जाने से वह एक बहन व दो भाइयों के साथ रहती है। जबकि पिता कामकाज के लिए अक्सर घर से बाहर रहते हैं। युवती ने बताया कि जब वह किसी भी काम से घर से बाहर निकलती है, तो युवक अभद्र टिप्पणी करता है। इसी से तंग आकर उसने आत्महत्या का मन बनाया है। पूर्व प्रधान के साथ पहुंचे युवती के पिता ने उसे समझाया और घर ले गए हैं। कोतवाल अमर पाल सिंह ने बताया कि युवती से रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कहा गया था लेकिन उसने अभी मना कर दिया है। तहरीर मिलती है तो आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।