कन्नौज। घुमंतू समुदाय के डेरे में घुसकर पड़ोसी गांव के कुछ युवकों ने किशोरी से छेड़खानी कर दी। विरोध करने किशोरी के परिजनों को पीट दिया। बचाने पहुंचे स्थानीय युवकों को भी दौड़ा-दौड़ा कर पीटा गया। पुलिस की ओर से कार्रवाई न होने पर घुमंतू लोग डेरा उठाकर चले गए हैं।
तिर्वा कस्बे में अन्नपूर्णा मंदिर के पास कई सालों से घुमंतू समाज के लोग डेरा बनाकर रह रहे हैं। गुरुवार रात करीब 11 बजे पांच युवक शराब के नशे में डेरे में घुस गए। यहां सो रही किशोरी से छेड़खानी करने लगे। चीखें सुनकर परिवार के लोग जाग गए। विरोध करने पर नशे में धुत युवकों ने मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर पास ही आरा मशीन पर सो रहे युवक और स्थानीय लोग पहुंच गए। युवकों ने कर्मचारियों और स्थानीय लोगों को भी पीट दिया। बताया जा रहा है कि छेड़खानी और बवाल करने वाले लोग पास ही हरिहरपुर गांव के रहने वाले हैं। सुबह घुमंतू समुदाय के लोग कोतवाली शिकायत लेकर पहुंचे तो पुलिसकर्मियों ने फटकार लगाते हुए भगा दिया। पीड़ित पक्ष तहरीर देकर घर चला आया। बाद में घुमंतू समुदाय के लोग वहां से पलायन कर गए। शाम को कुछ लोगों ने घुमंतू समुदाय के पलायन और छेड़खानी का वीडियो वायरल किया तो मामला तूल पकड़ गया। पुलिस अधिकारी अब कार्रवाई की बात कर रहे हैं।
कोतवाली प्रभारी इंद्रपाल सरोज ने बताया कि जल्द मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।