जसपुरा सरैया में बुजुर्ग खाताधारक को रुपये देता डाकिया।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। लॉकडाउन में घर से निकले बिना खाताधारक बैंक खाते से भुगतान ले रहे हैं। यह सुविधा बैंक मित्र और डाकिया के माध्यम से दी जा रही है। एक माह में अभी तक 1,88,092 खाताधारकों ने 29,67,91,923 रुपये विभिन्न बैंकों के खाते से घर बैठे निकाले हैं।
बैंकों में भीड़ से सामाजिक दूरी का पालन नहीं हो रहा था। खाताधारकों को भी भुगतान के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा था। ऐसे में सरकार ने इंडिया पोस्ट पेमेंट के माध्यम से खाताधारकों को घर बैठे रुपये निकालने की सुविधा दी। जिले में यह योजना एक अप्रैल से प्रभावी हुई। 278 किसान मित्रों और 100 से अधिक डाकिया लगाए गए। एक से 30 अप्रैल तक लॉकडाउन के दौरान 1,88,092 खाताधारकों ने घर बैठे 29,67,91,923 रुपये निकाले। अग्रणी बैंक प्रबंधक मणि भूषण सिन्हा ने बताया कि घर-घर भुगतान की योजना सफल रही। बैंकों में भीड़ कम रही। लोगों को घर बैठे रुपये मिल गए। खाताधारकों को घंटों लाइन में नहीं लगना पड़ा।
बैंक खाते से ऐसे होता है भुगतान
खाते से रुपये निकालने के लिए खाताधारक को अपने इलाके के डाकिया से संपर्क करना होगा। डाकिया आपका मोबाइल नंबर लेगा। वह इसे माइक्रो एटीएम एंड यूजर में दर्ज करेगा। नंबर दर्ज होने पर खाताधारक के मोबाइल पर ओटीपी आएगा। ओटीपी एप में डालने पर आधार नंबर मांगा जाएगा। खाताधारक का आधार नंबर दर्ज होने के बाद डिवाइस में खाताधारक के अंगूठे का निशान लगेगा। अगर खाताधारक के एक से अधिक बैंक में खाते हैं तो धनराशि निकालने वाले बैंक का नाम बताना होगा। बैंक का नाम डालने के बाद संबंधित की जानकारी आ जाएगी। खाताधारक एक बार में 100 से 10 हजार रुपये तक निकाल सकते हैं।