उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली देने के लिए तीन बिजली घरों का निर्माण शुरू कर दिया गया है। इनके निर्माण में आठ करोड़ रुपये की लागत आएगी। कुछ मार्च तो कुछ अप्रैल में बिजली की सप्लाई देने लगेंगे। इससे लो वोल्टेज और फाल्ट से निजात मिलेगी।
शहर के जीटी रोड किनारे बसे मोहल्ला चौधरीसराय में महिला थाने के निकट बिजली घर का निर्माण कराया जा रहा है। यहां पर पांच एमीए का ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा। इस उपकेंद्र पर 256 लाख रुपये खर्च किये जाएंगे। अप्रैल में उपकेंद्र बन कर तैयार हो जाएगा। इस बिजली घर से सरायमीरा- कन्नौज रोड के पश्चिमी छोर पर आने वाले मोहल्ले को सप्लाई दी जाएगी। इसके अलावा जीटी रोड से गैस एजेंसी रोड के पूर्वी छोर के मोहल्ले के उपभोक्ताओं को बिजली दी जाएगी। अभी तक इन उपभोक्ताओं को मानपुर व बहादुरपुर बिजली घरों से बिजली मिल रही है।
इसीतरह, इंदरगढ़ क्षेत्र के उपभोक्ताओं को राहत पहुंचाने के लिए पांच एमवीए का ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली उपकेद्र का निर्माण किया जा रहा है। इस उपकेंद्र की लागत 331 लाख रुपये होगी। इसका निर्माण मार्च माह के अंत तक कर लिया जाएगा। इस बिजली घर के बन जाने के बाद इंदरगढ़ क्षेत्र के उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली की सौगात मिलेगी। अभी तक इंदरगढ़ क्षेत्र के उपभोक्ताओं को तिर्वा कस्बे के बिजली घर से सप्लाई दी जा रही थी। दूरी अधिक होने के कारण उपभोक्ताओं को सही सप्लाई नही मिल रही थी। इसी को ध्यान में रखते हुये इंदरगढ़ कस्बे को चुन गया है।
वहीं, कानपुर सीमा पर बसे गांव के लोगों को बेहतर बिजली देने के लिए मोचीपुर (नेरा) में बिजली घर का निर्माण शुरू 257 लाख रुपये की लागत कराया जा रहा है। इसका लाभ मानीमऊ क्षेत्र के उपभोक्ताओं को मिलेगा। यहां पर 5-5 एमवीए के दो ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। अप्रैल में निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। अभी तक नदी पार बने ठठिया के बिजली घर से आपूर्ति दी जा रही है।
कोट
इंदरगढ़, चौधरी सरायं व मेरा मोचीपुर में बिजली उपकेंद्रों का निर्माण कार्य तेजी से हो रहा है। इन्हें मार्च के अंत और अप्रैल के शुरुआत माह में शुरू कर दिया जाएगा। उपकेंद्रों पर अलग-अलग फीडर निकाले जाएंगे। जिससे उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली मिल सके। - पी राम (अधिशासी अभियंता बिजली,कन्नौज)