कन्नौज। गंगा नदी का जलस्तर गुरुवार काे 30 सेंटीमीटर कम हो गया पर काली नदी उफान पर है। इस कारण क्षेत्र के मल्हपुरवा गांव में खेत जलमग्न हो गए हैं। जलस्तर घटने के बाद भी कटरी के बाशिंदों की मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं। गांव, घर व खेत जलमग्न होने से लोग सड़क पर डेरा जमाए हैं।
काली नदी के जलस्तर में अचानक उफान आने से क्षेत्र के मल्हपुरवा में खेत जलमग्न हो गए हैं और गांव में पानी घुस गया है। इसके अलावा गंगा की तलहटी के गांव कासिमपुर, बक्सीपुर्वा, कटरी गंगपुर, गंगूपुर्वा, दाईपुर, चौराचांदपुर, मेहंदीपुर, महमूदपुर बीजा, गुमटिया आदि गांवाें में अभी भी जलभराव है। इस कारण गामीणों को राहत नहीं मिल रही है। ग्रामीण नाव के सहारे ही आवागमन करने पर विवश हैं। जान बचाने के लिए ग्रामीण सड़कों पर झोपड़ी डालकर गुजर बसर कर रहे हैं। बाढ़ के चलते ग्रामीणों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
अपर जिलाधिकारी आशीष कुमार सिंह का कहना है कि बचाव एवं राहत के लिए लगाई गई टीमें गंगा व काली नदी के तटवर्ती क्षेत्रों में बचाव एवं राहत तैनात हैं। स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पर नजर रखी जा रही है। प्रभावितों को जरूरी खाद्य सामग्री व दवाइयां बांटी जा रही हैं।