कन्नौज। बिजनौर से चलकर बिठूर जाने वाली गंगा यात्रा आज जिले में पहुंचेगी। गंगा यात्रा में केंद्रीय मंत्री, डिप्टी सीएम समेत आठ मंत्री आने से यह हाई प्रोफाइल हो गई है। यात्रा को सफल बनाने के लिए प्रशासनिक मशीनरी दिन-रात जुटी है। जिला स्तरीय 30 अफसरों की मजिस्ट्रेट के रूप में ड्यूटी लगाई गई है।
गुरुवार को गंगा यात्रा बिजनौर से चलकर फर्रुखाबाद के रास्ते दोपहर को जिले की सीमा रामाश्रम में प्रवेश करेगी। गंगा यात्रा के साथ केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्यमंत्री बाबुल सुप्रियो, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, संसदीय कार्य, वित्त एवं चिकित्सा मंत्री सुरेश खन्ना, गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री सुरेश राणा, स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, जल शक्ति विभाग राज्यमंत्री बलदेव ओलख, राजस्व एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री विजय कश्यप व राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता मौजूद रहेंगे। यात्रा रामाश्रम से समधन, गुरसहायगंज बाईपास, जलालाबाद, जसोदा, जलालपुर पनवारा होते हुए केके बोर्डिंग मैदान में पहुंचेगी। यहां जनसभा होगी। इसके बाद गंगा यात्रा मित्रसेनपुर की सीमा से बिठूर के लिए प्रस्थान करेगी।
यात्रा को सफल बनाने के लिए जिला स्तरीय 30 अफसरों की मजिस्ट्रेट के रूप में ड्यूटी लगाई गई है। अफसरों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। गंगा यात्रा को सफल बनाने के लिए अफसर दिनभर दौड़ भाग करते रहे। बुधवार को बोर्र्डिंग मैदान में जनसभा को लेकर अंतिम रूप दिया जा रहा था। गंगा यात्रा को लेकर जगह-जगह होर्डिंग लगाई गई हैं। सफाई कर्मी दिनभर सफाई करने में लगे रहे।
ये सेक्टर मजिस्ट्रेट लगाए गए
सदर एसडीएम की जनसभा स्थल, तिर्वा तहसीलदार विशेश्वर सिंह की जनसभा स्थल से मुख्य द्वार से बायीं ओर तक, चकबंदी अधिकारी रमेश बाबू की जनसभा से दाहिनी ओर, जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी जेके दीक्षित की मंच के सामने, जिला कृषि अधिकारी राममिलन की पत्रकार दीर्घा, डीआईओएस राजेंद्र बाबू की जनसभा स्थल के एक ब्लाक, सहायक चकबंदी अधिकारी नरेंद्र कुमार वर्मा की बी-ब्लाक, बीएसए की ब्लाक सी, सहायक चकबंदी अधिकारी की ब्लाक-ई, बीईओ गुगरापुर की ब्लाक-एफ, एआर कोआपरेटिव रामसजीवन की ब्लाक-जी, अधिशासी अभियंता जल निगम की दर्शक दीर्घा के मध्य, एसडीएम छिबरामऊ की गंगा यात्रा के मध्य, तहसीलदार छिबरामऊ की नगर पंचायत समधन, नायब तहसीलदार छिबरामऊ की नगर पालिका गुरसहायगंज, पीडी डीआरडीए की गुरसहायगंज से जसोदा तक, बीडीओ गुगरापुर की जसोदा से जलालपुर तक ड्यूटी लगाई गई है।
स्टेशनों पर अफसर रहेंगे तैनात
रामाश्रम में बीडीओ तालग्राम, नगर पंचायत समधन में ईओ समधन, गुरसहायगंज बाईपास तिराहा पार्क में ईओ गुरसहायगंज, ब्लाक जलालाबाद में पीडी डीआरडीए, जसोदा में बीडीओ गुगरापुर, जलालपुर पनवारा में जिला उद्यान अधिकारी, बोर्डिंग मैदान में सीडीओ, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड, मित्रसेनपुर में जिला विकास अधिकारी रहेंगे। लंच की व्यवस्था अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई को सौंपी गई है।
गंगा यात्रा का कार्यक्रम
दोपहर 12 बजे: जिले की सीमा में गंगा यात्रा का आगमन।
दोपहर 1 बजे: शहर में गंगा यात्रा का आगमन, गंगा दल के सदस्यों का स्वागत
दोपहर 1:10 बजे: गंगा दल के सदस्यों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन।
दोपहर 1:15 से 1:25 बजे: अतिथियों का स्वागत।
दोपहर 1:30 बजे: नवोदय की छात्राएं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगी।
दोपहर 1:40 बजे: डीएम का भाषण होगा।
दोपहर 1:40 से 2:30 बजे: अतिथियों का भाषण।
दोपहर 2:35 बजे: विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृत पत्र मिलेंगे।
दोपहर 2.55 बजे: सीडीओ का धन्यवाद भाषण होगा।
दोपहर बाद 3:00 बजे: लंच के लिए पीडब्ल्यूडी के निरीक्षण भवन में प्रस्थान।
दोपहर बाद 3:30 बजे: गंगा यात्रा दल बिठूर के लिए प्रस्थान करेगा।