छिबरामऊ(कन्नौज)। नगर की आवास विकास कालोनी में भीषण विस्फोट की गुत्थी काफी हद तक जांच टीमों ने सुलझा ली है। सोमवार को पांच टीमों की करीब साढ़े आठ घंटे की जांच के बाद सामने आया कि गैस गीजर में लीकेज विस्फोट की वजह बना था। गीजर से गैस निकलकर पहले बाथरूम में भरी, इससे भारी दबाव बना। सर्दी के कारण दरवाजे और खिड़की बंद होने से गैस मकान के निचले तल पर भर गई। इससे भी दबाव पैदा हुआ। इसी दौरान घर आए मेहमानों के लिए किचन में चाय बनाने गईं मंडी निरीक्षक की बहू ने जैसे ही तीली जलाई, विस्फोट हो गया। जांच टीम को मलबे में दबा फटा हुआ एक छोटा सिलिंडर मिला है। कुछ और नमूने भी जांच टीम ने लिए हैं।
नगर की आवास विकास कालोनी में रविवार दोपहर हुए तेज धमाके के बाद मामले की जांच एसआईटी व बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) को दी गई। रविवार रात को दोनों टीमें कानपुर से मौके पर पहुंच गईं। इन्होंने कन्नौज की फोरेंसिक टीम के साथ जांच की। मौके पर मलबा फैला होने से रात में ज्यादा कुछ हाथ नहीं लगा। इसके बाद सुबह करीब सात बजे तीनों टीमें फिर मौके पर पहुंचीं। लखनऊ और आगरा से विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीमें भी आ गईं।
पांच टीमों ने जांच शुरू की। बारीकी से मकान के एक-एक हिस्से का निरीक्षण किया। टीम ने सबसे पहले विस्फोट के केंद्र बिंदु को तलाशना शुरू किया। जांच के दौरान मलबा हटाए जाने पर पांच किलो का छोटा सिलिंडर फटी स्थिति में मिला। मकान के निचले तल पर स्थित बाथरूम सबसे ज्यादा क्षतिग्रस्त होने के कारण विस्फोट का केंद्र बिंदु इसे ही माना गया। जांच में पता चला कि जो सिलिंडर फटा मिला वह बाथरूम में लगे गैस गीजर से जुड़ा था। कुछ दिन पहले गैस गीजर में लीकेज की समस्या हुई थी। इसे ठीक कराया गया था। लीकेज फिर होने लगा। गीजर में लीकेज की वजह से गैस सबसे पहले बाथरूम में भरी। बाथरूम का दरवाजा बंद था, इससे गैस का भारी दबाव बन गया। सर्दी के कारण मकान के सभी दरवाजे और खिड़की बंद थीं। इससे गैस मकान के अन्य हिस्सों में भर गई। इसने दबाव बढ़ा दिया। इसी दौरान रिश्तेदारों के लिए चाय बनाने के लिए मंडी निरीक्षक की बहू सोनम ने तीली जलाई। इससे विस्फोट हो गया।
टीम ने मौके से कई नमूने लिए हैं। बीडीएस टीम के साथ आए डॉग डाली को मकान के अंदर घुमाया गया। जांच एजेंसियों को देखकर लोगों की भीड़ मकान के बाहर लगी रही। पुलिस ने जांच टीम के अलावा किसी को भी अंदर नहीं जाने दिया। सीओ शिव कुमार थापा ने बताया कि प्राथमिक जांच के बाद सामने आया है कि विस्फोट गैस गीजर में रिसाव से हुआ है। मौके पर एक फटा छोटा सिलिंडर भी मिला है। जांच टीमें जल्द रिपोर्ट देंगी।
हादसे में घायल मंडी निरीक्षक की पत्नी ने भी दम तोड़
छिबरामऊ (कन्नौज)। नगर की आवास विकास कालोनी में हुए भीषण धमाके में गंभीर रूप से घायल मंडी निरीक्षक की पत्नी ने भी लखनऊ के पीजीआई में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में रविवार की शाम को ही किरायेदार की बेटी आस्था दम तोड़ चुकी है। नगर की आवास विकास कालोनी में रहने वाले मंडी निरीक्षक सुरेश चंद्र चौहान के घर में हुए धमाके के बाद गंभीर रूप से घायल उनकी पत्नी आरती, बेटा अंकुर, बेटी आकांक्षा उर्फ अट्टू, बहू सोनम, किरायेदार आशा पत्नी रामकुमार व इनकी बेटी आस्था को गंभीर हालत में लखनऊ के एसजीपीजीआई में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान रविवार रात को आस्था ने दम तोड़ दिया था। देर रात मंडी निरीक्षक की पत्नी आरती वेंटीलेटर पर चली गईं। सोमवार सुबह आरती (45) ने भी दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर हालत में मंडी निरीक्षक के बेटे अंकुर, बेटी आकांक्षा उर्फ अट्टू व किरायेदार आशा को वेंटीलेटर पर रखा गया है। बहू सोनम की भी हालत गंभीर बनी हुई है। घायल लोगों की सलामती के लिए नगर में दिन भर दुआएं होती रहीं।