फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हर ब्लाक में गदर, भाजपा-सपा में मारपीट व पथराव

विज्ञापन
विज्ञापन
कन्नौज। जिले में प्रमुख पद के लिए हर ब्लाक में गदर हुआ। भाजपा और सपा समर्थकों ने एक-दूसरे को जहां पाया, हमला बोल दिया। मारपीट, पथराव से हड़कंप मचा रहा। सदर ब्लाक के नामांकन कक्ष में घुसकर सपा प्रत्याशी के प्रस्तावक को पीट दिया गया। प्रपत्र फाड़ दिए गए। बाहर दोनों पक्षों में पथराव हुआ। पुलिस अपने बचाव की भूमिका में रही। हसेरन, उमर्दा, जलालाबाद, गुगरापुर, सौरिख, तालग्राम, छिबरामऊ में भी परिसर और बाहर दोनों जगह समर्थकों में मारपीट, पथराव हुआ। सपा नेताओं ने जिला प्रशासन पर भाजपा के पक्ष में खुलकर कार्य करने का आरोप मढ़ा। वहीं भाजपा ने निष्पक्ष चुनाव होने का दावा किया है। सौरिख और हसेरन में हवाई फायरिंग की गई। वाहनों के शीशे तोड़े गए। मारपीट और पथराव में सपा और भाजपा, दोनों तरफ से लोग घायल हुए हैं। सौरिख में दो दरोगाओं को भी पत्थर लगने से मामूली चोट लगी है।
विज्ञापन

सदर ब्लाक में नामांकन के लिए सुबह से ही भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं का जमावड़ा ब्लाक परिसर के भीतर और बाहर हो गया। पुलिस ने रास्ता बैरिकेड कर लोगों को रोका। इसी बीच दोनों प्रत्याशियों के समर्थक भीतर पहुंचे। इनमें मारपीट हो गई। इसका पता चलते ही दोपहर करीब 12 बजे सपा का हुजूम पूर्व ब्लाक प्रमुख नवाब सिंह यादव, मुन्ना दरोगा, कलीम खान, नीलू यादव की अगुवाई में पहुंच गया। पुलिस से नोकझोंक कर कई सपाई ब्लाक परिसर में दाखिल होने लगे। अंदर से पुलिस ने गेट बंद कर दिया। गेट पर धक्कामुक्की हुई। इसी बीच भाजपा का अंगौछा पहने भाजपा मंडल अध्यक्ष रामसजीवन को सपाइयों ने धुन दिया। इसके बाद यह सिलसिला शुरू हो गया। सपाइयों ने भाजपाइयों को और भाजपाइयों ने सपाइयों को पीटा। पथराव हुआ। पुलिस ने लाठी पटकी लेकिन बचाव की मुद्रा में। सदर के नामांकन कक्ष में सपा प्रत्याशी अजय कुमार दोहरे के प्रस्तावक देवेंद्र यादव को नामांकन कक्ष के भीतर पीट दिया गया। इन्हें कुछ लोग घसीटते हुए बाहर तक ले आए। नामांकन पत्र के दो सेट फाड़ डाले। इसके बाद पूरे दिन यह सिलसिला चला। यहां भाजपा से रामूू कठेरिया और सपा से अजय कुमार दोहरे ने पर्चा दाखिल किया। दोपहर तीन बजे के बाद नामांकन पत्रों की जांच का काम हुआ।
पांच ब्लाक प्रमुख निर्विरोध जीतने की ओर
कन्नौज। नामांकन पत्रों की जांच के बाद जिले के आठ ब्लाकों में छह पर निर्विरोध होना तय है। जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र ने बताया कि नामांकन पत्र अवैध पाए जाने की वजह से कन्नौज सदर में रामू कठेरिया, जलालाबाद में प्रतिभा दोहरे, तालग्राम में सुमन सिंह, सौरिख में कपूरी देवी बाथम, हसेरन में सीमा देवी (सभी भाजपा प्रत्याशी) का निर्विरोध होना तय है। बाकी जगह शुक्रवार को नाम वापसी के बाद स्थिति साफ होगी। वहीं छिबरामऊ में दो नामांकन वैध पाए गए हैं। यह बादाम पाल और इनकी पत्नी सुषमा पाल हैं। इससे यहां भी एक नाम वापसी से भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध हो जाएंगी। उमर्दा में चार और गुगरापुर में दो प्रत्याशी होने की वजह से मतदान की नौबत है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें