कन्नौज। पत्नी से चल रहे दहेज उत्पीड़न के मामले में समझौता कराने के नाम पर शिक्षक से लाखों की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित शिक्षक ने दिल्ली में रहने वाले चचेरे मामा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अलीगढ़ के सिविल लाइन हमदर्द नगर डी जमालपुर निवासी मोहम्मद राशिद पुत्र इशहाक खान शहर के मुस्लिम मोहम्मदिया इंटर कालेज में शिक्षक के पद पर तैनात हैं। 11 अप्रैल 2017 को राशिद ने शिक्षिका रेशमा शमशाद निवासी चमनशाह आबादी भुजपुरा अलीगढ़ के साथ निकाह किया था। शादी के बाद राशिद ने रेशमा का ट्रांसफर सदर ब्लाक के अड़गापुर प्राथमिक विद्यालय में करा दिया था।
शादी के कुछ दिनों बाद पति और पत्नी के बीच तनाव बढ़ गया और रेशमा शमशाद ने सदर कोतवाल में राशिद के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में समझौता कराने के नाम पर राशिद के चचेरे मामा अब्दुल अजीज निवासी गली नंबर तीन श्रीराम कालोनी कच्ची खजूरी थाना खजूरी खास दिल्ली ने गुमराह कर दिया।
इसके बाद समझौता कराने के नाम पर उससे छह लाख तीस हजार रुपये ले लिया। समझौता न होने के बाद राशिद ने रुपये मांगे तो अब्दुल अजीज ने धमकी दी। इससे पीड़ित ने सदर कोतवाली में मामला दर्ज कराया है। कोतवाल विकास राय ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।