तालग्राम। ग्राम ऊमरपुर में ईशन नदी पुल के पास मंगलवार को अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में ही एक परिवार के चार लोग घायल हो गए। दो घायलों की हालत गंभीर होने पर सीएचसी से रेफर कर दिया गया है।
सौरिख क्षेत्र के ग्राम मिर्जापुर निवासी रमेश चंद्र (42) परिवार के साथ बाइक से रिश्तेदारी में जा रहे थे। उनके साथ पत्नी फूलश्री (40), पुत्र डम्पी (19), भतीजी सोनाक्षी (09) भी थीं। ऊमरपुर में ईशन नदी पुल के पास सुबह 10.30 बजे अनियंत्रित तेज रफ्तार ट्रैक्टर खेत से सड़क पर चढ़ाते समय बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार उछल कर दूर जा गिरी और सभी लोग घायल हो गए। चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से भाग गया। सूचना पर डायल 112 पुलिस ने चारों घायलों को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी भेजा। वहां से डाॅक्टरों ने सोनाक्षी और डम्पी को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। (संवाद)