माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा फरवरी माह में प्रस्तावित है। परीक्षा के लिए जिले में 130 परीक्षा केंद्रों का निर्धारण पर पहले ही मुहर लग चुकी है। वहीं बोर्ड ने इंटरमीडिएट की प्रायोगात्मक परीक्षा के लिए 10 से 24 जनवरी की तिथि निर्धारित की है। बोर्ड परीक्षा के लिए उत्तर पुस्तिकाओं को भी डीआईओएस कार्यालय में भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हाईस्कूल-इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा शासन इस बार एक माह पहले आयोजित करा रहा है। ताकि शैक्षिक सत्र की शुरुआत हर में जुलाई माह में शुरू की जा सके। गठित चयन समिति ने परीक्षा के लिए 130 केंद्रों को हरी झंडी दी है। जिनमें परीक्षार्थियों के आवंटन का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है।
कक्ष निरीक्षकों की सूचियां डीआईओएस कार्यालय को प्राप्त हो चुकी हैं। जिसके आधार पर ड्यूटी लगाए जाने का कार्य चल रहा है। डीआईओएस ने बताया कि इंटरमडिएट की प्रायोगिक परीक्षा 10 से 24 जनवरी के बीच आयोजित होंगी। बोर्ड से नामावली व खेल एवं शारीरिक शिक्षा के लिफाफे प्राप्त हो गए हैं।
जिन्हें विद्यालयों को भेजा जा रहा है। निर्देश दिए गए हैं कि तय समय में प्रायोगिक परीक्षा खत्म करा ली जाए। बताया कि बोर्ड से इंटरमीडिएट की ए कापी 2 लाख 28 हजार, बी कापी 56 हजार व हाईस्कूल की ए डेढ़ लाख, बी अस्सी हजार प्राप्त हो गई है।
डीआईओएस ने कहा कि परीक्षा केंद्र बनाए गए सभी विद्यालयों को निर्देश दिए गए है कि जरूरी संसाधनों को समय रहते पूर्ण कर लिया जाए। परीक्षा शुरू होने के दौरान फर्नीचर सहित किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीधे तौर पर विद्यालय को जिम्मेदार ठहराते हुए उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।