छिबरामऊ। जीटी रोड पर सलेमपुर गांव के पास बाइकों की भिड़ंत हो गई। हादसे में दंपती समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों को 100 शैया अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से तीन को प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर हालत में मेडिकल काॅलेज तिर्वा के लिए रेफर कर दिया गया।
गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बारामऊ बांगर निवासी वीरेंद्र सिंह (55) पत्नी राधा (47) के साथ छिबरामऊ में दवा लेने के लिए आए थे। दवा लेने बाद वह गांव जा रहे थे। जीटी रोड पर सलेमपुर गांव के सामने पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक पर सवार गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम महोना निवासी देवांश (23) ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दंपती समेत देवांश की बड़ी बहन सरला (35) भी गंभीर रूप से घायल हो गई। सरला भाई के साथ ससुराल एटा के नावर से मायके महोना जा रही थीं। चारों घायलों को एंबुलेंस से 100 शैया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद वीरेंद्र सिंह, देवांश व सरला को गंभीर हालत में मेडिकल काॅलेज तिर्वा रेफर कर दिया गया।