कन्नौज। चौथे चरण के तहत 13 मई को होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू है। 18 अप्रैल से शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया के शुरुआती तीन दिनों तक किसी के भी नामांकन न होने से कलक्ट्रेट में सन्नाटा पसरा रहा। चौथे दिन रविवार को सार्वजनिक अवकाश रहा। अब सोमवार से फिर से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी।
इत्रनगरी के सियासी दंगल के नामांकन की प्रक्रिया 25 अप्रैल तक होनी है। इसमें चार दिन ही बचे हैं। अब तक किसी भी उम्मीदवार ने अपना नामांकन नहीं कराया है। हालांकि 17 उम्मीदवार और उनके समर्थक नामांकन पत्र ले जा चुके हैं। इसमें बड़ी संख्या में निर्दलीय भी शामिल हैं। सोमवार को फिर से कलक्ट्रेट में नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। नामांकन के दौरान भीड़ इकट्ठा न हो और निर्धारित संख्या से ज्यादा लोग कलक्ट्रेट न पहुंचें, इसके लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
इनसेट
आज बसपा उम्मीदवार करेंगे नामांकन
कलक्ट्रेट में पिछले चार दिनों से जारी सन्नाटा सोमवार को बसपा प्रत्याशी इमरान बिन जफर के नामांकन से टूटेगा। बसपा की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार पार्टी उम्मीदवार इमरान बिन जफर के नामांकन के लिए निकलने वाले जुलूस में कार्यकर्ता सुबह 11 बजे बोर्डिंग ग्राउंड के करीब पुलिस लाइन रोड पर काजी टोला के पास इकट्ठा होंगे। वहां से वह कलक्ट्रेट के लिए रवाना होंगे।
इनसेट
आखिरी दो दिन रहेगी गहमा-गहमी
नामांकन के शुरुआती दिनों में भले ही सन्नाटा पसरा रहा हो, आखिरी दो दिन काफी गहमा-गहमी रहेगी। भाजपा उम्मीदवार और सांसद सुब्रत पाठक अपना नामांकन आखिरी दिन 25 अप्रैल को कराएंगे। सपा की ओर से हालांकि अभी किसी की उम्मीदवारी तय नहीं हुई है, लेकिन चर्चा है कि पार्टी ने नामांकन के लिए 24 या 25 अप्रैल का ही दिन तय कर रखा है।