जसोदा, कन्नौज। पूर्व आईएएस अधिकारी अमरनाथ बुधवार को जसोदा स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज पहुंचे। उन्होंने छात्रों के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और बदलती तकनीक पर संवाद किया। एजीएमयूटी कैडर के 1994 बैच के अधिकारी रहे अमरनाथ ने अगस्त 2023 में वीआरएस लिया था
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि आने वाला समय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का है। एआई से हर क्षेत्र में बड़े बदलाव हो रहे हैं। शिक्षा, चिकित्सा, कृषि और रोजगार के सभी क्षेत्रों में एआई का प्रभाव बढ़ रहा है। इसलिए छात्रों को अभी से नई तकनीकों को समझना होगा और भविष्य के लिए खुद को तैयार करना होगा। उन्होंने कहा कि अब किताबी ज्ञान से काम नहीं चलेगा। तकनीक से जुड़ना और लगातार सीखते रहना जरूरी है। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि ग्रामीण पृष्ठभूमि के छात्र भी तकनीक के जरिए बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। मेहनत, अनुशासन और जिज्ञासा से किसी भी लक्ष्य को पाया जा सकता है।
छात्रों ने भी एआई और कॅरिअर को लेकर कई सवाल पूछे, जिनका पूर्व आईएएस ने सहजता से जवाब दिया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर का भ्रमण किया और स्कूल की पढ़ाई, अनुशासन और शैक्षणिक माहौल की सराहना की। उन्होंने कहा कि राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज में छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए अच्छे प्रयास किए जा रहे हैं, जो काबिले तारीफ हैं। प्रधानाचार्य डॉ. विष्णुकांत गुप्ता ने कहा कि ऐसे अनुभव छात्रों के लिए प्रेरणादायक होते हैं। इस अवसर पर राजकुमार, आकाश गुप्ता आदि मौजूद रहे।