लोहिया चौराहा सरायमीरा से औरैया तक जाने वाले हाइवे के 15 किमी 800 मीटर हिस्से को चौड़ा करने के लिए प्रदेश सरकार ने त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत 26 करोड़ रुपये की एक किश्त और आवंटित कर दी है। विशेष सचिव उत्तर प्रदेश शासन अबरार अहमद ने इस संबंध में डीएम को पत्र भेजकर जानकारी दी है। डीएम ने सीडीओ को पत्र भेजकर आवंटित बजट कार्यदाई संस्था लोकनिर्माण विभाग को उपलब्ध कराकर फोरलेन निर्माण कार्य में तेजी लाने की जिम्मेदारी सौंपी है।
विशेष सचिव ने डीएम को भेजे पत्र में लिखा है कि कन्नौज से तिर्वा तक रोड के फोरलेन बनाने के लिए 65 करोड़ 5 लाख 95 हजार रुपये की कार्ययोजना को वित्तीय व प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। इसके सापेक्ष पहले किश्त में कार्यदाई संस्था पीडब्ल्यूडी को 26 करोड़ 2 लाख रुपये की धनराशि दी गई थी।
इस धनराशि में से 75 फीसदी से ज्यादा रुपया खर्च किया जा चुका है। इसलिए दूसरी किश्त में 26 करोड़ 2 लाख रुपये और आवंटित किये गए हैं। ताकि फोरलेन जल्द से जल्द पूरा कराया जा सके। गौरतलब है कि फोरलेन बनाने का काम सुस्त गति से चल रहा है। यही वजह है कि मार्च अंत तक इसके बनकर तैयार होने के दावे पूरे होने के आसार नहीं हैं।