छिबरामऊ। लक्षीराम नगला स्थित बुद्ध विहार में 105 फीट ऊंचे बनने वाले अशोक स्तंभ निर्माण स्थल का निरीक्षण रविवार को 50 विदेशी बौद्ध भिक्षुओं ने किया। सभी ने इस कार्य की सराहना करते हुए तन, मन व धन से सहयोग करने की घोषणा की। इस दौरान विदेशी बौद्ध भिक्षुओं ने आर्थिक सहयोग के रूप में चेक दी।
श्रीलंका, कंबोडिया, अमेरिका, दक्षिण कोरिया, भूटान, नेपाल, थाईलैंड और म्यांमार के 50 से अधिक बौद्ध भिक्षुओं का दल लक्षीराम नगला पहुंचा। सम्राट अशोक चैरिटेबल ट्रस्ट के संरक्षक जिला पंचायत अध्यक्ष प्रिया शाक्य तथा ओमकार शाक्य ने सभी को भगवान बुद्ध की प्रतिमा के सामने मोमबत्ती व अगरबत्ती जलाने के बाद सभी को पंचशील का बोध कराया गया। अशोक स्तंभ की स्थापना के लिए महामंगल सूत्र का पाठ करते हुए सभी ने मौन प्रार्थना की।
लाइट ऑफ बुद्धा धम्म फाउंडेशन की इंटरनेशनल प्रेसीडेंट अमेरिकी लेडी वांग मॉम डेस्की के साथ विदेशी बौद्ध भिक्षुओं ने भगवान बुद्ध के उपदेशों से अवगत कराया। अमेरिका की लेडी वांग मॉम डेस्की तथा कमला रिपोंजी ने अशोक स्तंभ के लिए आर्थिक सहयोग करते हुए कहा कि स्तंभ निर्माण के बाद हम लोग पूरा सहयोग करेंगे। अनुवादक अमित बौद्ध के संचालन में हुए कार्यक्रम में चेयरमैन मनोज दुबे, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता उर्फ लालू, पूर्व जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र शाक्य उर्फ जीतू, आदित्य विक्रम सिंह, ओमप्रकाश शाक्य, रमेश बाबू शाक्य, शिवप्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।