कन्नौज। किसानों को सुरक्षित गुणवत्ता पूर्ण बीज मिल सके, इसके लिए विभाग ने शनिवार को छापा मारकर पांच दुकानों पर जांच पड़ताल की। साथ ही अलग-अलग दुकानों से गेहूं बीज के तीन नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे। वहीं एक दुकान पर अभिलेख अपूर्ण मिलने पर नोटिस जारी किया गया।
गेहूं की बोआई इस समय तेजी से चल रही है। ऐसे में गेहूं बीज की मांग बढ़ गई है। किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज मिल सके, इसके लिए जिला कृषि अधिकारी संतलाल गुप्ता ने तिर्वा-कन्नौज रोड स्थित बीज की पांच दुकानों पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। बीज की गुणवत्ता में संदेह होने पर उन्होंने तीन दुकानों से गेहूं बीज के तीन नमूने लिए। एक दुकान पर अभिलेख अपूर्ण पाए गए।
इस पर नाराजगी जताते हुए अभिलेख पूरे करने के निर्देश दिए। साथ ही दुकानदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। कृषि अधिकारी ने विक्रेताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि बीज खरीदने वाले सभी किसानों को कैशमेमो का बिल जरूर दें, जिससे किसान ठगी का शिकार होने से बच सकें। उन्होंने कहा कि किसानों को पक्का बिल न देने वाले दुकानदारों पर भी कार्रवाई की जाएगी।