फोटो :31: सौरिख-बिधूना मार्ग पर टहलते आवारा गोवंश। संवाद
सौरिख। निराश्रित गोवंशों ने सड़कों से लेकर खेतों तक आतंक है। गोशालाओं में ठिकाना न होने पर यह गोवंश सड़कों, खेतों और खुले मैदानों में डेरा डाले हुए हैं। इनके झुंड से टकराकर लोग हादसे का शिकार हो जाते हैं।
सरकार ने निराश्रित गोवंशों से फसल को नष्ट होने और हादसों से परेशान किसानों की समस्याओं को देखते हुए अधिकारियों को गोशालाओं में संरक्षित करने के निर्देश दिए हैं। इसके बावजूद निराश्रित गोवंशों की समस्या कम नहीं हो रही है। अधिकारी इलाके में सड़कों और खेतों के अलावा खुले मैदानों में घूम रहे निराश्रित गोवंशों को गोशालाओं में भेजने का आश्वासन देते रहते हैं। हकीकत जबकि इससे परे है। इन निराश्रित गोवंशों का सड़क से लेकर खेतों तक कब्जा बरकरार है। अक्सर लोग गोवंशों से टकराकर हादसे का शिकार हो रहे हैं। कभी-कभी यह गोवंश भी भारी वाहनों की चपेट में आकर दम तोड़ देते हैं। इलाके की गोशालाएं खाली पड़ी हैं। किसानों और ग्रामीणों ने प्रशासन से निराश्रित गोवंशों से निजात दिलाने की मांग की है। बीडीओ मनोज गुप्ता ने बताया कि जल्द ही आसपास घूम रहे निराश्रित गोवंशों को पकड़कर गोशाला में संरक्षित किया जाएगा।