रविवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में नई किरण
कार्यक्रम के तहत पारिवारिक मामलों को सुलह समझौते के आधार पर निपटाने गए।
इस मौके पर पांच मामले निपटाकर दंपतियों को खुशी-खुशी उनके घरों को भेजा
गया।
पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार पी की अगुवाई में आयोजित हुए नई किरण
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिक पूर्व प्रधानाचार्य एनसी टंडन, पूर्व
एसपी जेएन यादव, मोहम्मद नईम खां, प्रधानाचार्य मशरूर अहमद, मेहराज बानो और
नीलम सिंह चौहान ने सुबह 10 बजे मामलों की सुनवाई शुरू की।
नई किरण में
कुल 48 मामले चल रहे थे। एक-एक कर मामलों की सुनवाई के दौरान कई फाइलों में
एक पक्ष के न आने पर तारीख आगे बढ़ा दी गई। इस दौरान ठठिया कस्बा निवासी
बल्लू पुत्र सुल्तान अली और बरके गांव निवासी शबीना पुत्री मार्फत का विवाद
चल रहा था।
वरिष्ठ नागरिकों ने दोनों पक्षों की बात को सुनने के बाद दोनों
के गिले-शिकवे दूर कराए। उन्हें साथ साथ रहने के लिए राजी करके घर भेजा। इसी
तरह दूसरा मामला ज्योति पत्नी सूर्यकांत निवासी पकरा कन्नौज व सूर्यकांत
निवासी रामगंज गुरसहायगंज भी सुना गया। इन्हें भी विवाद शांत कराकर घर भेजा
गया।
कांशीराम कालोनी कन्नौज निवासी पूजा पत्नी मुकेश का विवाद उनके
सुलतानपुर निवासी पति के साथ था। इस मामले की भी सुनवाई की गई। नागरिकों ने
दोनों पक्षों की बातों को सुनकर दोनों की गलती बताई और आदतों में सुधार
लाने के लिए कहा। बाद में दोनों लोगों की सहमति हो जाने पर उन्हें घर भेज
दिया गया।
इसी तरह इस्माइलपुर गुरसहायगंज निवासी सलाम बेग पुत्री उस्मान का
विवाद उनके पति नाजिम पुत्र जावेद निवासी फतेहउल्ला नगर उन्नाव से चल रहा
था। दोनों पक्षों की बात वरिष्ठ नागरिकों ने सुनने के बाद उन्हें समझौता
कराकर घर भेजा। इसी तरह मोहन नगला छिबरामऊ निवासी पुतई पुत्र रामस्वरूप
ने अपने दामाद मुकेश पुत्र श्रीकृष्ण निवासी बसरेहर इटावा की शिकायत की थी।
दोनों पक्षों की सुनवाई करने के बाद निर्णय दिया गया कि पुतई अपनी पुत्री
को समझा बुझाकर मुकेश के साथ विदा करें। यही नहीं दंपति को बैठाकर वरिष्ठ
नागरिकों ने समझाया।