राजाकेट। जमीन पर कब्जे के लिए शनिवार को टड़हा गांव में दो पक्षों में मारपीट, पथराव और फायरिंग हो गई। इसमें दोनों पक्षों के 12 लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी को सीएचसी में भर्ती कराया है। एक युवक को ज्यादा चोटें आई हैं।
गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव टड़हा निवासी सफी और श्याम बिहारी में जमीन को लेकर विवाद है। सफी का कहना है कि उसने 29 मार्च 2019 को श्याम बिहारी से जमीन का बैनाम करा लिया था, अब वह कब्जा करने नहीं दे रहे हैं। शनिवार सुबह करीब 10 बजे जमीन पर कब्जे को लेकर दोनों में गाली-गलौज होने लगा। बात बढ़ने पर दोनों पक्षों से लाठी डंडे चलने के साथ पथराव शुरू हो गया। फायरिंग भी हुई। इससे गांव में अफरा तफरी मच गई।
मारपीट में श्याम बिहारी, उसकी पत्नी शीला, बेटा बृजेश, अनुज, बेटी मनोरमा, सोनी, राम सिंह, संग्राम, बबलू और राम सिंह की बेटी घायल हो गई। दूसरे पक्ष से सफी, उनकी पत्नी खुशनवाज और बेटा अफरोज घायल हो गए। विवाद की सूचना पर कोतवाल राजा दिनेश सिंह गांव पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। अनुज को ज्यादा चोटें आई हैं। कोतवाल ने बताया कि दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।