कन्नौज। चूल्हे की चिंगारी से लगी आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते आग ने तीन घरों को अपनी चपेट में ले लिया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से तीनों घरों की गृहस्थी जल गई।
सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव दनियापुर अनिल कुमार के घर में चूल्हे की चिंगारी से बृहस्पतिवार दोपहर आग लग गई। आग की लपटों ने रामविजय, प्रदीप कुमार के घर को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों को देखकर गांव में हड़कंप मच गया और ग्रामीण आग पर काबू पाने के लिए दौड़ पड़े। साथ ही दमकल कर्मियों को भी आग की सूचना दी। दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। आग से तीनों घरों की गृहस्थी जलकर राख हो गई। आग से बचने के प्रयास में गिरने से महिला घायल हो गई। जिसको इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया।