अक्सर होने वाली आगजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के
लिए अग्निशमन विभाग ने लोगों को जागरूक करने का काम शुरू कर दिया है।
जगह-जगह आग से बचाव के लिए प्रदर्शन करके आग से निपटने के तौरतरीके समझाए
जा रहे हैं।
मंगलवार को मुख्य अग्निशमन अधिकारी बी बनर्जी सिपाहियों और
फायर ब्रिगेड गाड़ी के साथ जीटी रोड स्थित एमएल मोटर्स पर पहुंचे। यहां
उन्होंने मौजूद कर्मचारियों व अन्य स्टाफ को आग लगने के दौरान फायर यंत्र
से आग बुझाने के तौरतरीके बताए और बताया कि फायर यंत्रों को हमेशा गेट की
तरफ रखें।
ताकि आग लगने के दौरान उसे अपने कब्जे में लेने के लिए किसी भी
तरह की दिक्कतें न हों। उन्होंने कर्मचारियों को यंत्र चलाकर आग बुझाने की
जानकारी दी। उन्होंने किसी भी इमारत के दूसरी मंजिल में आग लगने की स्थिति
में फंसे हुए व्यक्तियों को सुरक्षित बचाने के तरीके बताए।
यही नहीं
बेहोशी की हालत में व्यक्ति को किस तरीके से अपने कंधे पर लादकर सीढ़ियों
के सहारे नीचे उतरा जा सकता है, यह भी समझाया। इसी तरह गैस सिलेंडर में आग
लगने की स्थिति में उसे कैसे बंद किया जा सकता है, इसकी जानकारी देते हुए
कहा कि सिलेंडर में आग लग जाए तो उसे नीचे नहीं गिराना चाहिए।
गीला कंबल या
अन्य कोई मोटा वस्त्र लेकर उसे भिगो लें। इसके बाद तेजी से गैस सिलेंडर पर
डालें। इससे आग तत्काल बंद हो जाएगी। इसी तरह कई अन्य आग से बचाव के अन्य
उपाय बताए।