डीएम की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में
फरियादियों की भारी भीड़ उमड़ी। तहसील दिवस में अधिकांश शिकायतें जमीनों पर
अवैध कब्जों को लेकर थी। डीएम व एसपी ने राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीमें
गठित कर 10 दिनो में निस्तारण करने के निर्देश दिए। सात शिकायतों का
निस्तारण मौके पर ही किया गया।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष बृजेश शुक्ला के
नेतृत्व में वकीलों का एक प्रतिनिधि मंडल डीएम से मिला और तहसील परिसर में
ही चकबंदी न्यायालय व सीओ कार्यालय शुरू कराए जाने की मांग रखी। डीएम ने
जल्द कार्यालय शुरू कराने का भरोसा दिलाया। सुर्सी ग्राम पंचायत के बीडीसी
महेंद्र सिंह ने राशन कोटेदार पर कार्ड बनाने के नाम पर सुविधा शुल्क
वसूलने का आरोप लगाया।
डीएम ने डीएसओ को जांच का आदेश दिया। ग्राम पंचायत
खामा के मजरा बख्तौरापुर के एक दर्जन ग्रामीणों ने ग्राम समाज की परती जमीन
पर अवैध कब्जे की शिकायत की। डीएम ने एसडीएम व सीओ को निर्देश दिए कि मौके
पर जाकर कब्जा हटवाए। जनखत के बीडीसी राजेंद्र कुमार ने ग्राम सभा में
आबादी आवंटन व चकबंदी पूरा कराने की मांग रखी।
इस मौके पर कई विभागों से
संबंधित 102 शिकायती प्रार्थनापत्र आए। सात शिकायतों को मौके पर ही
निस्तारित कर दिया गया। इस मौके पर एसपी दिनेश कुमार पी, एसडीएम उदयवीर
सिंह, सीएमओ डा. पीएन बाजपेयी, सीओ सुरेंद्रपाल सिंह, पीडी एके सिंह
कुशवाहा, तहसीलदार ऋषिकांत राजवंशी आदि मौजूद थे।