कन्नौज। शार्ट सर्किट से दुकान में आग लग गई। दुकान से धुआं निकलता देखकर पड़ोसियों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। आग से करीब पांच लाख का नुकसान हुआ है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के घमाइचमऊ निवासी सलमान पुत्र अब्दुल समद की जलालपुर पनवारा में फ्लाई ओवर के पास इलेक्ट्रानिक की दुकान है। शनिवार रात करीब 12 बजे शार्ट सर्किट से दुकान में आग लग गई। दुकान के अंदर से धुआं निकलता देखकर पड़ोसी दुकान मालिक धर्मेंद्र दुबे ने दुकानदार सलमान को मोबाइल से सूचना दी लेकिन संपर्क नहीं हो सका। धर्मेंद्र ने गांव पहुंचकर सलमान को आग लगने की जानकारी दी। सलमान और पड़ोसियों ने पानी डालकर आग पर काबू पाया। आग से दुकान में रखे केबल के बंडल, झालरें, पंखे, बोर्ड, एलईडी जल गई। पीड़ित दुकानदार ने बताया कि आग से करीब पांच लाख का नुकसान हुआ है। आग लगने से अब परिवार के सामने जीवन-यापन का संकट खड़ा हो गया।