आग पर पानी उड़ेलते फायर ब्रिगेड कर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
कन्नौज। शहर के मोहल्ला सरायमीरा स्थित देविन टोला में घूरे में लगी आग से एक मकान में आग लग गई। तेज लपटें उठते देख मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंच गए। तालाब से बाल्टी भरकर व काली दुर्गा मंदिर के सबमर्सिबल पंप चलाकर आग बुझाई। उधर सूचना के बाद भी दमकल गाड़ी के देर से पहुंचने पर मोहल्लेवासियों ने हंगामा काटा। करीब आधे घंटे के प्रयास के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया।
शुक्रवार की दोपहर देविन टोला मोहल्ला निवासी रामशंकर यादव पुत्र मुनई यादव के मकान के पीछे कूड़ा का ढेर लगा था। अचानक उसमें आग लग गई। किसी ने भी इस ओर ध्यान नहीं दिया। हवा चलने से आग की चिंगारी उड़कर मकान के पश्चिमी छोर पर रखे छप्पर में जा लगी। तेज लपटे उठते देख आसपास मोहल्ले के लोग बाल्टियों में पानी लेकर आग पर उडे़लने लगे। तभी आग ने छत पर रखे कंडों के ढेर को भी अपनी चपेट में ले लिया। लोगोें ने किसी तरह छप्पर में लगी आग पर काबू पाया।
तभी जंगले के सहारे आग मकान के अंदर पहुंच गई। कमरे मेें एकत्र भूसा व अनाज जलने लगा। सूचना मिलते ही मंदिर के पुजारी बाबा अखंडानंद ने जनरेटर चलाकर समर पंप से पानी दिया। देर में दमकल पहुंचने पर लोगों ने हंगामा किया। कोतवाली प्रभारी श्यामवीर सिंह व सरायमीरा चौकी प्रभारी पप्पू ठैनुआ ने लोगों को समझाकर शांत कराया। बताया कि रेलवे क्रासिंग बंद होने के कारण दमकल आने में अधिक समय लगा। इस पर लोग शांत हो गए। परिजनाें ने बताया कि आग से लकड़ी छप्पर सहित कुछ अनाज नष्ट हुआ है।