कन्नौज। शार्ट सर्किट से मंगलवार अगरबत्ती पाउडर कारखाने में आग लग गई। आग की चपेट में आने से पास स्थित अगरबत्ती कारखाना भी जलकर खाक हो गया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड व पुलिस टीम ने मशक्कत कर आग पर काबू पाया।
कारखानों से निकलते धुएं से सुबह सात बजे लोगों को जानकारी हुई। जलालपुर पनवारा रोड पर शहर के मोहल्ला हाजीगंज निवासी गुड्डू सेठ व मोहम्मद सोहेल के अगरबत्ती पाउडर व अगरबत्ती निर्माण के कारखाने हैं। रात में शार्ट सर्किट की चिंगारी से पहले अगरबत्ती पाउडर कारखाने में आग लगी। आग ने पड़ोस में स्थित अगरबत्ती कारखाने को भी अपनी चपेट में ले लिया। इससे दोनों कारखानों में रखा कच्चा माल जलकर खाक हो गया। घटना की सूचना पर पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। बताया गया कि दोनों कारखानों में लाखों का तैयार व कच्चा माल जलकर नष्ट हो गया है। सदर कोतवाल कपिल दुबे ने बताया कि बिजली के शार्ट-सर्किट से आग लगी थी। इसमें जनहानि नहीं हुई। आग से लाखों रुपये का कच्चा माल जलकर नष्ट हो गया है।