तालग्राम (कन्नौज)। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किनारे बेहटा गांव के पास निर्माणाधीन कोल्ड स्टोरेज में शॉर्ट सर्किट से सोमवार रात करीब पौने नौ बजे आग लग गई। देर रात तक दमकल टीम आग बुझाने का प्रयास कर रही थी।
सौरिख के गढ़िया गांव निवासी मनोज त्रिपाठी तालग्राम के बेहटा गांव के पास आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किनारे कोल्ड स्टोरेज का निर्माण करा रहे थे। बिजली के शॉर्ट सर्किट से ऊपर के कमरे में आग लग गई। धुआं उठता देख कर्मचारियों में खलबली मच गई। आग अंदर चेंबरों में लगी है। चौकी प्रभारी बेहटा रोहित कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड को बुलाकर आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा है। कोल्ड मालिक ने दो लाख रुपये का नुकसान बताया है।