महोबा-कबरई के बीच उखड़ी सड़क को दुरुस्त करते कर्मचारी। संवाद
- फोटो : महोबा-कबरई के बीच उखड़ी सड़क को दुरुस्त करते कर्मचारी। संवाद
महोबा। कानपुर-सागर और झांसी-मिर्जापुर हाईवे की महोबा से कबरई तक 18 किमी. उखड़ी सड़क को दुरुस्त करने का काम बुधवार से आखिरकार शुरू हो गया। अमर उजाला छह माह से इस उखड़ी सड़क का मुद्दा लगातार उठा रहा था। मुख्यमंत्री तक मामला पहुंचने के बाद हरकत में आए एनएचएआई के अधिकारियों ने सड़क की मरम्मत का काम शुरू करा दिया है। इससे अब न सिर्फ वाहनों का आवागमन बेहतर होगा बल्कि सड़क हादसों में भी कमी आएगी।
हाईवे की 18 किमी सड़क एक साल से उखड़ी थी। सड़क का निर्माण न होने से दुर्घटनाएं हो रही थीं। सड़क निर्माण की मांग को लेकर व्यापारियों ने हर माह आयोजित होने वाली उद्योगबंधु की बैठक में मुद्दा उठाया। अमर उजाला ने एक नवंबर 2024 से उखड़ी सड़क को अभियान बनाकर छापा। पहले दिन हाईवे की 18 किमी सड़क गड्ढों में तब्दील, हिचकोले खा रहे वाहन सवार शीर्षक से खबर प्रकाशित की। इसके बाद लगातार उखड़ी सड़क से होने वाली दिक्कतों को उजागर किया।
दो दिन पहले 19 मई के अंक में हाईवे की 18 किमी सड़क बदहाल, जाम और हादसे बढ़े शीर्षक से खबर छपने और मामला मुख्यमंत्री तक पहुंचने पर एनएचएआई के अधिकारियों की नींद टूट गई। अधिकारियों ने 18 किमी उखड़ी सड़क का निर्माण शुरू करा दिया है। एक सप्ताह के अंदर पूरी सड़क दुरुस्त किए जाने का दावा किया जा रहा है।