छिबरामऊ। लगातार सीखने की ललक के साथ मुंबई पहुंचे नगर के करन अरोरा ने आज फिल्म इंडस्ट्री में अपना मुकाम हासिल कर लिया है। आज वह स्टार प्लस के लोकप्रिय नाटक कसौटी जिंदगी में अहम किरदार अदा कर रहे हैं।
पीपल वाली गली मोहल्ला छपट्टी निवासी हरीश कुमार अरोरा के पुत्र करण अरोड़ा का 2015 से फिल्मी दुनिया की ओर रुझान हो गया और उन्होंने हीरो के डायलॉग की नकल करना शुरू कर दिया। पिता हरीश अरोरा व माता सरिता अरोरा ने करण के रुझान को देखते हुए दिल्ली ट्रेनिंग के लिए भेज दिया। नुक्कड़ नाटक, थियेटर के अनुभव और सुबह से शाम तक अलग अलग कंपनियों में ऑडीशन देने के बाद भी सफलता हाथ नहीं लगी। इसके बाद भी करन ने हिम्मत नहीं हारी। इसके बाद लगातार सीखने की ललक व आगे बढ़ने के जुनून ने शीघ्र ही उसे मुंबई पहुंचा दिया, जहां उसकी मुलाकात टेलीविजन जगत की मशहूर प्रोड्यूसर व डायरेक्टर एकता कपूर से हुई। उसकी प्रतिभा को पहचान और बहुचर्चित धारावाहिक कसौटी जिंदगी की, के लिए साइन कर लिया। बालाजी टेलीफिल्म के साथ जुड़ते ही आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त हो गया। इस बीच करन ने कॉम्पलॉन, अमूल चीज जैसे ब्रांड के लिए विज्ञापन फिल्म में भी काम किया। हालांकि करण की न तो अभी सीखने की जिज्ञासा कम हुई है और आगे बढ़ने का जुनून। करन का कहना है उसे इंतजार है एक पॉवरफुल रोल की।
उधर, नगर में पहुंचने पर माई सिटी माई रिसपोन्सिबिलिटी मिशन के अंतर्गत सामाजिक संस्था एसबीवीएस ने बनवारी नगर स्थित नगर कार्यालय पर करन का स्वागत किया। संस्था प्रमुख गौरव त्रिपाठी ने स्मृति चिन्ह व शुभकामना पत्र देकर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इस मौके पर रफाकत खां, पल्लवी त्रिपाठी, राशिद रजा, शिवम राजपूत, अमित सिंह, राममोहन, अर्पण त्रिपाठी, आध्या, जीशान, सलीम, गोलू, राजू मौजूद रहे।