मानीमऊ। कलह से तंग आकर ट्रक चालक ने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह कमरे में शव झूलता देखकर परिवार में कोहराम मच गया। सदर कोतवाली के गांव उदैतापुर निवासी मन्नीलाल शर्मा (42) पुत्र हरी शर्मा ट्रक चालक है। एक साल पहले हुए ट्रक हादसे में उसका एक पैर टूट गया था। इससे वह ट्रक चलाने में असमर्थ हो गया था। जिस कारण घर में रहता था। रोजगार का साधन न होने से घर में आर्थिक समस्या के चलते कलह का माहौल हो गया था। कलह से तंग आकर शनिवार रात मन्नीलाल ने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। सुबह कमरे में शव झूलता देखकर परिवार में कोहराम मच गया। मन्नीलाल के चार बच्चे हैं। सदर कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पत्नी और परिवार के अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है।