हसेरन विकास खंड के सादिकपुर गांव में स्वतंत्रता
सेनानी छोटेलाल पाल की 13वीं पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में उन्हें
श्रद्धांजलि देने को हजारों लोगों की भीड़ जुटी। इस मौके पर प्रदेश के
माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री विजय बहादुर पाल ने शहीद सेनानी का स्मारक
बनवाने का एलान किया।
उन्होंने मौजूद सेनानी गोवर्धन लाल कनौजिया व
लोकतंत्र सेनानी शंभूदयाल मौर्या को सम्मानित किया। कार्यक्रम में मुख्य
अतिथि के रूप में पहुंचे राज्यमंत्री ने कहा कि देश की आजादी के लिए
कुर्बान होने वाले सेनानियों का सम्मान करना हर नागरिक का सौभाग्य है। यह
कार्यक्रम पिछले 13 वर्षों से मनाया जा रहा है।
उन्होंने घोषणा की कि जल्द
ही शहीद की समाधि स्थल के पास उनका स्मारक बनवाया जाएगा। विशिष्ट अतिथि
लखनऊ विवि में हिंदी के विभागाध्यक्ष व पूर्व माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन
आयोग के अध्यक्ष परशुराम पाल ने सेनानी के जीवन के कई वृत्तांत सुनाए और
कहा कि जल्द कन्नौज के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को समर्पित एक
पुस्तक का विमोचन करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान औरैया जिले से आई कविता पाल
ने इसलिए राह संघर्ष की हम चुने जिंदगी आंसुओं में नहाई न हो गीत सुनाकर
लोगों को भाव-विभोर कर दिया। छिबरामऊ से आए कवि अज्ञास ने गीत तो है मीत
संदेश के लिए कविता सुनाकर आजादी की लड़ाई लड़ने वाले सेनानियों को
श्रद्धांजलि दी।
आयोजक इंजीनियर अनिल पाल ने माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री
से हसेरन को तहसील का दर्जा दिलाने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि पिछले
वर्ष इसी कार्यक्रम में पीडब्ल्यूडी मंत्री शिवपाल सिंह यादव आए थे।
उन्होंने जनता की मांग पर एलान भी किया था पर आज तक क्षेत्र के लोगों की
मांग पूरी नहीं हुई।
कार्यक्रम को तिर्वा विस क्षेत्र प्रभारी अजय वर्मा,
शरद यादव, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष अन्नपूर्णा राजपूत, पिछड़ा वर्ग आयोग
की सदस्य कंचन कनौजिया, सुधीर यादव एडवोकेट, प्रेमनारायन वर्मा,
स्वतंत्रता सेनानी गोवर्धन लाल कनौजिया, मुनेश राठौर, उमाशंकर बेरिया,
ओमपाल, रामऔतार यादव ने संबोधित किया।
इस मौके पर दिनेश बाथम, जानू
वारिसी, रामकुमार पाल, स्वदेश यादव, संजय राठौर, जितेंद्र यादव, उदय प्रताप
सिंह, हरगोविंद पाल, रामरतन पाल, सुरेश द्विवेदी, सरला द्विवेदी, नवीन
दुबे, सुरेंद्र शाक्य सहित कई सपा नेता प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य मौजूद
थे। कार्यक्रम के अंत में राज्यमंत्री ने दो सौ विधवाओं व विकलांग महिलाओं
को कंबल वितरित किए।