तिर्वा। निजी हॉस्पिटल में खून के नाम पर नौ हजार रुपये न देने को लेकर विवाद हो गया था। विवाद में हॉस्पिटल संचालक ने कर्मियों के साथ मिलकर मरीज के तीमारदारों से मारपीट की थी। पुलिस ने घटना के चार दिन बाद गुरुवार को मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की है।
हरिहरपुर नट डेरा निवासी राघवेंद्र सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 26 अप्रैल की शाम छह बजे छोटे भाई अनुज की पत्नी मोहिनी को प्रसव पीड़ा होने लगी थी। वह लोग अशोक नगर स्थित एक हाॅस्पिटल में भर्ती कराने ले गए थे। आरोप है कि अस्पताल में डॉक्टरों ने मोहिनी में खून की कमी बताते हुए दो यूनिट ब्लड चढ़ाने की बात कही और प्रति यूनिट नौ हजार रुपये की मांग की।
इस पर राजकीय मेडिकल कॉलेज से रक्तदान कर निशुल्क ब्लड उपलब्ध कराने की बात कही। बताया कि इसी बात को लेकर अस्पताल कर्मी भड़क गए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। मारपीट में मां बीना देवी का सिर फट गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर हॉस्पिटल संचालक तेज सिंह, पत्नी रानी देवी, राजू, अनिरुद्ध यादव, सत्यम, वीरेंद्र, आकाश और अंशु के खिलाफ प्राथमिकी दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। कोतवाल संजय कुमार शुक्ल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।