फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पचास गांवों को मिलने लगेगा शुद्ध पानी

Fri, 26 Dec 2014 11:38 PM IST
अमर उजाला, ब्यूरो, कन्नौज
विज्ञापन
विज्ञापन
वर्ष 2015 जिले के 50 से अधिक गांवों के लिए पेयजल समस्या का समाधान लेकर आएगा। जिले में करीब 80 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित 21 से अधिक निर्माणाधीन पानी की टंकियां अगले बरस तक चालू हो जाएंगी। तब पाइप-लाइनों के जरिए घर-घर पानी पहुंच सकेगा। कुछ टंकियां मार्च तो कुछ जून में जलापूर्ति शुरू कर देंगी।
विज्ञापन


सपा सरकार बनने के बाद जिले की पेयजल समस्या को सर्वोच्च प्राथमिकता में लिया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट का समाधान कराने के लिए फोकस किया गया। विभागीय मद में पर्याप्त बजट न होने के कारण त्वरित आर्थिक विकास योजना तैयार की गई।

इस योजना के जरिए जलनिगम की तरफ से जो भी पानी टंकी निर्माण संबंधी प्रस्ताव भेजे गए, उन्हें शासन ने फटाफट मंजूरी देने के साथ ही बजट आवंटन करके निर्माण कार्य भी शुरू करा दिया।
विज्ञापन


जल निगम के अधिशासी अभियंता राजेंद्र सिंह का कहना है कि वर्ष 2013 व 2014 में शुरू हुईं पानी की टंकियों को पूरा कराने के लिए युद्धस्तर से प्रयास किए गए हैं। आम तौर पर पानी की सबसे ज्यादा समस्या अप्रैल से अगस्त तक रहती है।

इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने ठेकेदारों और विभागीय अभियंताओं को निर्देश दिए हैं कि वे अतिरिक्त काम करके मार्च तक अधिक से अधिक टंकियों से जलापूर्ति शुरू करा दें। गांवों में जलापूर्ति के लिए कनेक्शन देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। प्रधान व सचिव को जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वे ग्रामीणों को जागरूक करें।

उन्हें पेयजल कनेक्शन लेने के लिए तैयार करें। टंकी संचालन के लिए जिला पंचायत राज विभाग की तरफ से एक आपरेटर की तैनाती की जा रही है। यह आपरेटर टंकी का रोजाना संचालन करेगा। इसके बदले में संविदा के आधार पर उसे दो हजार रुपये हर महीने का भुगतान भी मिलेगा।
---
ये टंकियां देने लगेंगी भरपूर पानी
मिघौली, विशुनगढ़, नौली, खुबरियापुर, अमोलर, ऊंचा, तालग्राम देहात, गांगेमऊ, मझपुपुर्वा, अलमापुर, तिलपई डिगसरा, रामपुर मझिला, ब्राहिमपुर निजामपुर, खैरनगर, उमर्दा, उमरनपुर, खानपुर, सिमरिया, नदसिया, सहिल्यापुर, दरियापुर चंदई। इनमें से कुछ टंकियों में टेस्टिंग भी शुरु हो गई है। वर्ष 2015 में ये टंकियां ग्राम सभा के साथ ही उससे जुड़े मजरों में भी घर-घर पानी पहुंचाने में सक्षम होंगी।
-------
लगेंगे 1551 हैंडपंप, 2195 होंगे रिबोर
नवंबर महीने में त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत 1551 नए इंडिया मार्का हैंडपंप लगाने और 2195 हैंडपंपों को रिबोर करने का लक्ष्य भी जल निगम को दिया गया है। नल लगाने के लिए 8 करोड़ 63 लाख 12 हजार रुपये का बजट भी उपलब्ध है। हैंडपंप स्थापना व रिबोर कराने का कार्य मार्च 2015 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इन हैंडपंपों से भी कई गांवों व मोहल्लों में पानी की किल्लत दूर की जा सकेगी।
----
स्थलीय निरीक्षण अभियान तेज
सीडीओ उदयराज यादव ने निर्माणाधीन टंकियों से क्षमता के अनुरूप घर-घर पानी पहुंचाने के लिए संविदा पर तैनात किए गए कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी दी है। उन्होंने ग्रामीण पाइप पेयजल योजना के सलाहकारों को निर्देश दिए हैं कि वे समस्त टंकियों का स्थलीय निरीक्षण करें।

जहां पर जो कमियां हैं उनको सुधरवाएं। निरीक्षण आख्या आने के बाद डीएम व सीडीओ के स्तर से भी टंकी निर्माण से लेकर जलापूर्ति में आने वाली बाधाएं दूर की जाएंगी ताकि सबको जरूरत के मुताबिक पानी मिल सके। टंकियों का काम पूरा न होने तक औचक निरीक्षण करके गुणवत्ता परखने का काम भी जल्द शुरू होगा।
--
फायदे
सीएमओ डा. पीएन वाजपेयी कहते हैं कि कई बार गांवों में संक्रामक बीमारियों का कारण दूषित पेयजल निकला है। टंकियों के जरिए जब लोग साफ-सुथरा व शुद्ध पानी पिएंगे तो बीमारियों का खतरा भी अपने आप कम हो जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें