कृषि विभाग किसानों को उन्नतशील बीज मुहैया कराएगा। पचास फीसदी अनुदान पर मिलने वाले शंकर बीज के लिए किसानों को आगामी सात मई तक अपना पंजीकरण कराना होगा। किसानों की मांग को देखते हुए प्रदेश सरकार ने पंजीकरण की तिथि में बदलाव कर दिया है।
जिला कृषि अधिकारी अभिनंदन सिंह यादव ने बताया कि किसानों को इस बार शंकर बीज धान, मक्का, बाजरा पर पचास फीसदी का अनुदान मिलेगा। इन बीजों का वितरण ब्लाक स्तर पर आयोजित कराए जाने वाले मेलों में कराया जाएगा। जहां पर किसानों को बीज मुहैया हो सकेगा। बीज पाने के लिए किसानों को आगामी सात मई तक पंजीकरण कराना होगा।
कृषि अधिकारी ने बताया कि ढैंचा का 200 कुंतल, 15 कुंतल मूंगफली, 3 कुंतल तिल, 590 कुंतल धान का प्रमाणित बीज राजकीय बीज गोदामों से फुल रेट पर किसानों को मिल सकेगा। पारदर्शी किसान सेवा योजना के तहत कृषि विभाग की सभी योजनाओं में अब अनुदान राशि सीधे किसानों के बैंक खाते में मिलेगी। कृषि योजनाओं में चयन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए सरकार ने आन-लाइन पंजीकरण की सुविधा शुरू की है।
------------
किसान ऐसे कराएंगे पंजीकरण
किसान तीन तरीके से अपना पंजीकरण करा सकते हैं। जिला कृषि कार्यालय और कृषि विभाग की वेबसाइट यूपी एग्रीकल्चर डाट काम के साथ ही टोल फ्री नंबर 18002001050 पर मिस काल करके। हालांकि अनुदान बीज पाने के लिए पंजीकरण का होना अति आवश्यक है। यदि पंजीकरण नहीं होगा तो किसानों को अनुदान का लाभ किसी भी सूरत में नहीं मिल सकेगा।
--------------
पहले जमा करनी होगी पूरी धनराशि
अनुदान पर मिलने वाले शंकर बीज पर किसानों को अनुदान तो पचास फीसदी मिलेगा, लेकिन ब्लाक स्तर पर आयोजित होने वाले मेले में पहले किसानों को पूरी धनराशि जमा करने के बाद ही बीज मिल सकेगा। उनकी सब्सिडी उनके बैंक खाते में भेजी जाएगी।
पंजीयन में लगेंगे जरूरी कागजात
पंजीयन के समय किसानों को बैंक खाता, फोटो युक्त पहचान पत्र और खतौनी की फोटो कापी भी जमा करनी होगी। पंजीयन से वंचित किसानों को कोई अनुदान नहीं दिया जाएगा।
------------
इन नंबरों से लें जानकारी
ॎ उप कृषि निदेशक डा. राजेश कुमार - 9235629533
ॎ जिला कृषि अधिकारी- 9235629707