छिबरामऊ। स्वास्थ्य महकमे के प्रयासों के बाद भी कसावा में बुखार के मरीज कम होने की बजाय दिनों दिन बढ़ते जा रहे हैं। गांव के प्रत्येक घर में एक या दो मरीज बुखार से पीड़ित हैं। इन मरीजों का इलाज झोलाछाप से लेकर अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है।
गांव सभा कसावा में दो सौ लोग शरीर दर्द, बुखार, खांसी जैसी संक्रामक बीमारियों से ग्रसित हैं। स्वास्थ्य महकमा पिछले एक महीने में छह बार स्वास्थ्य शिविर एवं पंद्रह बार एंटी लार्वा दवा का छिड़काव करा चुका है। इसके बाद भी संक्रामक बीमारियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं। कई मरीजों का इलाज घरों पर ही कराया जा रहा है। बुखार से पीड़ित भूमि विकास बैंक के अध्यक्ष एवं भाजपा नेता मुनीष मिश्रा का भतीजा गगन मिश्रा (07) भी बुखार से पीड़ित है, इसका इलाज सीएचसी के बाल रोग विशेषज्ञ डाॅ. रवि तिवारी की देखरेख में चल रहा है। रविवार को निजी पैथोलॉजी से कराई गई जांच में गगन की रिपोर्ट में डेंगू के लक्षण मिले हैं।
कसावा में लगाया शिविर, घर-घर दी दस्तक
कसावा गांव में फैले बुखार से संबंधित समाचार प्रकाशित होने के बाद सीएमओ स्वदेश गुप्ता के निर्देश पर जिला मुख्यालय डाॅ. केपी त्रिपाठी व डाॅ. अजय पाल के नेतृत्व में शिविर लगाया गया। स्वास्थ्य कर्मियों ने घर घर दस्तक देकर मरीजों की तलाश कर दवाएं दीं। डेंगू के लक्षणों वाले बुखार से ग्रसित 15 मरीजों एवं मलेरिया रोग के 21 मरीजों के खून की जांच की गई, सभी जांच रिपोर्ट निगेटिव आईं। इसके अलावा बुखार से पीड़ित 21, खांसी के 18, त्वचा रोग 12 व 8 अन्य रोगों से मरीज देखे गए।