कन्नौज। तिर्वा तहसील क्षेत्र के ग्राम ककरघटा में तेजी से फैल रहे बुखार और संभावित डेंगू के प्रकोप को देखते हुए समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने शुक्रवार को स्थिति का तत्काल संज्ञान लिया है। मंत्री के सख्त निर्देशों के बाद स्वास्थ्य महकमा पूरी तरह हरकत में आ गया और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास चंद्रा के नेतृत्व में विशेषज्ञों की टीम गांव पहुंची। टीम ने 114 मरीजाें को दवा वितरित की और 104 के सैंपल लिए गए।
स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने गांव में घर-घर जाकर शिविर लगाया और मरीजों की जांच शुरू की। स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान हर घर में बुखार से पीड़ित मरीज पाए गए। डॉक्टरों की टीम ने मौके पर ही मरीजों का ब्लड सैंपल लिया, आवश्यक जांचें कीं और नि:शुल्क दवा वितरित की। ऐसे मरीज जिनकी स्थिति गंभीर मिली। उन्हें तत्काल एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बीमारी के संक्रमण को आगे फैलने से रोकने के लिए गांव में व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है।
ग्राम पंचायत और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीमों ने गांव की गलियों और नालियों में जलभराव की सफाई कराई। मंत्री का कहना है कि इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही, दवाओं या एंबुलेंस की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गांव में जब तक स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो जाती, स्वास्थ्य विभाग की टीम वहीं डटी रहेगी।