तिर्वा कोतवाली के गांव खुरदैया में आर्थिक तंगी से परेशान एक ग्रामीण ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
गांव खुरदैया निवासी राजकुमार उर्फ राजू (45) पुत्र किशोरी लाल पाल बेहद गरीब परिवार का था। खेतीबाड़ी व मेहनत मजदूरी कर वह परिवार का पेट पालता था। बीती रात वह कमरे में अकेले सो रहा था।
सुबह काफी देर तक वह सोकर नहीं उठा तो परिवारी जनों को चिंता हुई। जब कमरे का दरवाजा खोला गया तो राजकुमार कमरे की धन्नी में रस्सी के सहारे बने फांसी के फंदे पर लटक रहा था। परिजन भागकर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
सीओ तिर्वा और कोतवाली प्रभारी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक राजकुमार उर्फ राजू पाल के पास दो बीघा जमीन थी। बड़ी बेटी की शादी करने के लिए उसने जमीन गिरवी रख दी थी। इन दिनों दूसरी बेटी की शादी के लिए वह प्रयासरत था।
आर्थिक तंगी व गरीबी के चलते राजकुमार ने उक्त आत्मघाती कदम उठा लिया।