कन्नौज-औरैया हाइवे पर उमर्दा नहर पर टूटे पुल के स्थान पर निर्माणाधीन नए पुल का ठप पड़ा काम आखिरकार बुधवार से शुरू हो गया। अमर उजाला ने इस मामले को लेकर बुधवार को प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी।
जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने मामले को गंभीरता से लिया। डीएम के हस्तक्षेप के बाद सेतु निगम के अफसरों की नींद टूटी। आननफानन में बुधवार को ट्रक पर लादकर निर्माण सामग्री मौके पर भेजी गई।
जेई संतराम की देखरेख में मजदूर पुल निर्माण स्थल पर पहुंचे। एक तरफ गाटर रखकर काम चालू कराया गया। वहीं बड़ी मशीन भी देर शाम आ गई। इसे पत्थरों को सेट करके नहर के बीचोंबीच पिलर बनाने का काम किया जाएगा।
जेई ने बताया कि अब युद्धस्तर से काम होगा। सेतु निगम के परियोजना प्रबंधक का कहना है कि ढाई महीने के अंदर पुल बनाकर कंप्लीट कर देंगे। इसके बाद लोगों का पुल के ऊपर से आवागमन शुरू हो जाएगा। पुल निर्माण के लिए धन की कमी नहीं है, जो बजट मिला है, उसी में पूरा पुल बनेगा।
ग्रामीण सर्वेश यादव, राजेश यादव, मुनींद्र सिंह, मनमोहन सिंह, गुड्डू यादव, नीलू राठौर, नीलेश पाठक, विकास चौहान, वीरेंद्र चौहान, रामबाबू सक्सेना ने कहा कि दो महीने बाद ठप पड़ा काम शुरू होने पर अब क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है। हजारों लोगों को पुल बनने से आवागमन में राहत मिलेगी।
सेतु निगम के अफसरों को आगाह कर दिया गया है कि इस बार तय समय सीमा में पुल बनाकर कंप्लीट करें वर्ना उग्र आंदोलन होगा। उन्होंने बताया कि अक्तूबर 2015 तक पुल निर्माण कंप्लीट करने का दावा किया गया था लेकिन अफसरों की लापरवाही के कारण निर्धारित अवधि बीत जाने के बाद भी काम अधूरा पड़ा है।