छिबरामऊ। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नगला टीका चौकी कुंवरपुर करनौली गांव में घरेलू विवाद के चलते एक युवक ने कीटनाशक खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे 100 शैया अस्पताल ले गए। वहां इलाज के दौरान उसकी दर्दनाक मौत हो गई। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है।
नगला टीका निवासी 32 वर्षीय देवेंद्र यादव दिल्ली की एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। परिजनों के मुताबिक, देवेंद्र सोमवार शाम पांच बजे दिल्ली से घर लौटा था। घर पहुंचते ही किसी बात को लेकर उसका पत्नी शीला यादव से विवाद हो गया। झगड़े से क्षुब्ध होकर देवेंद्र ने सोमवार शाम से ही अन्न-जल त्याग दिया था। मंगलवार रात 8:30 बजे परिजनों को बिना बताए उसने घर में रखी कीटनाशक दवा पी ली। कुछ ही देर में जब उसकी तबीयत बिगड़ने लगी तो परिजन उसे 100 शैया अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टर अभी उसका इलाज शुरू ही कर पाए थे कि देवेंद्र ने दम तोड़ दिया।
चार मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
देवेंद्र की असमय मौत से उसकी वृद्ध मां शिवरानी और किसान पिता जयपाल यादव का रो-रोकर बुरा हाल है। देवेंद्र अपने पीछे पत्नी शीला और चार मासूम बच्चों को छोड़ गया है। बच्चों में तीन बेटियां सेजल, दिव्यांशी, संध्या और एक छोटा बेटा हर्षित हैं। पिता की मौत से मासूमों के सिर से सहारा छिन गया है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।