सौरिख। स्कूली बच्चों से भरी वैन की टक्कर से गुरुवार को पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में वैन में बैठे बच्चे भी चुटहिल हुए। घटना के बाद चालक बच्चों व वैन को छोड़कर भाग गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने घायलों को सीएचसी भर्ती कराया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद पिता को राजकीय मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। वहीं, सूचना पर पहुंचे अभिभावक बच्चों को घर ले गए।
थाना क्षेत्र के नगला भजू निवासी देवांशु (22) दोपहर एक बजे पिता अहिवरन (54) के साथ बाइक से सौरिख आ रहे थे। सकरावा रोड ऊंची पुलिया के पास पीछे से आ रही एक इंटर कॉलेज की बच्चों से भरी वैन ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि वैन में बैठे ग्राम सुल्तानपुर निवासी कक्षा चार की कर्तव्या, कक्षा दो की काव्या व ऋचा के चुटहिल हो गए। कक्षा दो की निशा, यूकेजी के लकी, अभय व साक्षी के भी खरोंचे आईं। राहगीरों ने एंबुलेंस बुलाकर घायल पिता-पुत्र को सीएचसी भिजवाया।
वहां से अहिवरन को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहीं, हादसे की जानकारी होने पर सुल्तानपुर गांव के अभिभावक बच्चों को साथ घर ले गए और प्राइवेट क्लीनिकों पर उपचार कराया। वहीं, कक्षा चार की कर्तव्या का कहना है कि चालक हादसे के बाद गाड़ी से निकलकर हम लोगों को अकेला छोड़ कर कहीं चले गए। अकेला पड़ने पर हम सभी बच्चे रोने लगे। बाद में हम सभी खिड़की खोलकर निकले। विद्यालय के प्रबंधक मनोज पाल से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि उनके स्कूल की गाड़ी नहीं है। प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार बिंद ने बताया क्षतिग्रस्त वैन को कब्जे में लिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।