तेराजाकेट। आलू बुआई की तैयारी में जुटा किसान सभी जरूरी काम छोड़कर खाद का इंतजाम करने के लिए पीसीएफ कृषक सेवा केंद्र एवं समितियों के चक्कर काट रहे हैं। किसानों का आरोप है कि जुगाड़ वाले लोग देर सबेर केंद्र से खाद लेकर जा रहे हैं। वहीं, सैकड़ों किसान ऐसे है, जिन्हें लाइन में लगने के बाद भी खाद नहीं मिल रही है।
तेराजाकेट चौराहे पर पीसीएफ कृषक सेवा केंद्र (बफर गोदाम) संचालित है। यहां से जनपद की सभी सहकारी समितियों व आसपास के किसानों को खाद वितरित की जाती है। मंगलवार को जैसे ही इलाके के किसानों को केंद्र पर खाद आने की जानकारी हुई। खाद लेने के लिए किसानों ने केंद्र के बाहर लाइन लगानी शुरू कर दी। काफी इंतजार के बाद भी मुख्य गेट नहीं खुला तो जानकारी करने में जुट गए।
केंद्र प्रभारी आशीष पांडेय ने बताया कि समितियों को खाद भिजवाई जा रही है, जिस कारण किसानों को आज खाद नहीं बांटी जाएगी। पीसीएफ के डीसी होराम सिंह ने बताया कि अभी तक दो हजार 61 मिट्रिक टन खाद का वितरण किया जा चुका है। डीएपी की रैक भी लग चुकी है, जो शीघ्र ही केंद्र पर पहुंच जाएगी, उसके बाद जनपद में खाद की कमी नहीं रहेगी।