खड़िनी। हादसे में गंभीर रूप से घायल किसान की रविवार को कानपुर के हैलट अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। किसान की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया।
खड़नी चौकी क्षेत्र के खिसौनापुर गांव निवासी लालमन (57) साइकिल से गांव के बाहर खेतों पर गए थे। वहां से घर लौटते समय खड़िनी-राजपुर मार्ग पर सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में लालमन गंभीर रूप से घायल हो गए थे। परिजन ने उन्हें कानपुर के हैलट अस्पताल में भर्ती कराया था।
लालमन अपने पीछे पत्नी रामबेटी और दो बेटे आलोक (40) व अजीत (37) को छोड़ गए हैं। दोनों बेटों की शादी हो चुकी है। किसान की मौत से परिवार में शोक छा गया। थाना प्रभारी ने नागेंद्र सिंह चौधरी बताया कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।