तालग्राम। फसल की रखवाली करने घर से निकले किसान का शव गांव के बाहर फांसी के फंदे से लटका मिला। पता चलने पर परिजनों ने रंजिश में हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना क्षेत्र के खजुरियन नगला निवासी किसान वेदराम वर्मा (45) खेती-किसानी करता था। शनिवार की रात करीब 11 बजे घर से भिंडी की फसल की रखवाली करने गया था। इसके बाद घर नहीं लौटा। परिजनों ने रविवार की सुबह खोजबीन की तो गांव से दो सौ मीटर दूरी पर राधेश्याम के खेत में शहतूत पेड़ पर फंदे में लटकता शव मिला।
इससे परिवार में कोहराम मच गया। बड़े भाई विश्राम और बेटे ध्रुव ने रंजिश में हत्या का आरोप लगाया। बताया कि शरीर पर चोटें हैं, कान से खून भी निकला है। आत्महत्या दर्शाने के लिए फंदे से शव लटकाया गया है। भाई जसकरन ने रिपोर्ट दर्ज कराई। चौकी प्रभारी बेहटा ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सीओ सदर शिव प्रताप सिंह ने बताया कि थाना प्रभारी कृष्णलाल पटेल मामले की जांच कर रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
हत्या के आरोप में बंद है किसान का भाई
11 जनवरी को बमरौली गांव निवासी किसान घनश्याम पांडेय की खेत में रखवाली करते समय ईंट से सिर कूंचकर हत्या कर दी गई थी। घनश्याम की हत्या में वेदराम और उसके भाई संतोष को आरोपी बनाया गया था। पुलिस ने जांच के बाद हत्या के केस से वेदराम को दोषमुक्त कर नाम निकाल दिया था। संतोष को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जो अभी भी जेल में है। परिजनों का आरोप है कि इसी हत्या की रंजिश में वेदराम की हत्या की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
बैंक का एक लाख रुपये है कर्ज
किसान के परिवार में पत्नी कुसमा देवी, एक पुत्री सोनी (10), पुत्र ध्रुव (18), अनुज (15), सोनू (12) है। बडे़ बेटे ध्रुव ने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण पिता ने छह बीघा जमीन बेच दी थी। अब एक बीघा ही जमीन बची है। इसी जमीन से परिवार का गुजारा होता है। छिबरामऊ यूनियन बैंक से एक लाख रुपये का कर्ज भी है।