गुरसहायगंज। अलीगढ़-कानपुर हाईवे पार कर रहे किसान को बुधवार को कार ने टक्कर मार दी। हादसे में किसान की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
क्षेत्र की चौकी सराय प्रयाग के गांव रजलामऊ निवासी सुशील कुमार शाक्य (45) खेतीबाड़ी करते थे। अलीगढ़-कानपुर हाईवे के किनारे खेतों पर मकान बनाकर काफी समय से रह रहे थे। बुधवार शाम 7.30 बजे सुशील सड़क के दूसरी ओर स्थित एक होटल पर गए थे। लौटते समय कानपुर की ओर से आ रही कार ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई।
होटल मालिक वीरू ने मानवता दिखाते हुए घायल सुशील को अपनी कार से तुरंत सीएचसी पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिवार में पत्नी, पांच बेटियां और एक सबसे छोटा बेटा है, जिनमें से एक बेटी की शादी पहले ही हो चुकी है। कोतवाल अजय अवस्थी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। कार की तलाश की जा रही है।